झांसी। जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र के औपारा रोड पर मेरिज गार्डन के सामने एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फ़ैली है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत अत्यधिक धूप लगने से हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान संजीव वर्मा (पुत्र बाबूलाल, उम्र लगभग 27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम सिमथरी, थाना चिरगांव का निवासी था।

बताया गया है कि संजीव वर्मा औपारा रोड के पास एक मकान निर्माण में काम कर रहा था। काम के दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद वह डॉक्टर को दिखाने चिरगांव आया। लौटते समय, वह छाया में बैठ गया और बैठे-बैठे ही बेहोश हो गया। जब लोगों ने उसे इस हालत में देखा तो उन्होंने चिरगांव थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक संजीव कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरगांव ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक संजीव वर्मा अपने पीछे दो लड़कियां और एक लड़का छोड़ गया है। उसकी बड़ी लड़की की उम्र 9 साल, छोटी लड़की की 7 साल और लड़के की उम्र 5 साल है। संजीव कुमार मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और बच्चों को पढ़ाते-लिखाते थे। इस दुखद घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और उनकी पत्नी सपना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।