झांसी। झांसी मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित कार्मिक विभाग के मीटिंग हॉल में वर्ष 2025 की प्रथम पेंशन अदालत का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। उन्होंने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को रेल परिवार का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के पश्चात उनकी पेंशन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करना हमारा दायित्व है।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का स्वागत किया। पेंशन अदालत में कार्मिक विभाग को कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 35 मामलों का समाधान नियमों के तहत सकारात्मक रूप से किया गया। यह सफलता कार्मिक विभाग एवं लेखा विभाग के समन्वित प्रयासों से संभव हुई।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के निर्देशन में मंडल के कल्याण निरीक्षकों ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान की स्थिति से अवगत कराया। साथ ही उनके हालचाल पूछकर मानवीय जुड़ाव का परिचय भी दिया। सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए समाधान प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में मंडल कार्मिक अधिकारी अरुण सिंह तोमर ने सभी प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया और आश्वस्त किया कि कार्मिक विभाग भविष्य में भी इसी भावना से कर्मचारियों के साथ खड़ा रहेगा।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सत्य साधन सिंह, सहायक कार्मिक अधिकारी अशोक कुमार मीना एवं लवी अन्नाहम, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक एम. के. नामदेव सहित कर्मचारी और कल्याण निरीक्षक गण उपस्थित रहे।