झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध वृहद स्तर पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसरों एवं प्लेटफार्मों पर स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई की गई।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, ग्वालियर, खजुराहो, बाँदा, ललितपुर, चित्रकूट धाम कर्वी, उरई, महोबा, महाराजा छत्रसाल स्टेशन (छतरपुर) तथा मुरैना स्टेशन पर सघन जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 310 यात्रियों को गंदगी फैलाते हुए पकड़ा गया, जिनसे रेलवे अधिनियम की धारा 145 के अंतर्गत कुल ₹65,400/- का अर्थदंड वसूल किया गया।














