Oplus_16908288

युवक ने ज्वेलर्स को बातों में फंसाया, युवती ने उड़ाई सोने की अंगूठी

झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में किराना बाजार चमनगंज में एक ज्वेलरी शॉप के संचालक की आंखों में धूल झोंक कर 50 हजार रुपए कीमत की सोने की अंगूठी चुरा कर महिला साथी युवक के साथ रफूचक्कर हो गई। इतना ही नहीं चोरनी ने जाते जाते कहा अंगूठी और अच्छी बनाना, फिर आएंगे। यह घटनाक्रम सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गया। अब काला चश्मा और हाथ में घड़ी पहने युवक व लक्जरी पर्स लिए महिला की तलाश की जा रही है। फुटेज में दोनों के चेहरे व गतिविधियां स्पष्ट हैं।

दरअसल, सीपरी बाजार क्षेत्र में चमनगंज किराना बाजार में ज्वेलर्स हर्षित अग्रवाल की गणेश ज्वेलर्स के नाम से सोने चांदी के आभूषण की शॉप है। गुरुवार को काला चश्मा लगाए एक युवक और पर्स लिए एक महिला दुकान पर आए। उन्होंने जेन्ट्स अंगूठी दिखाने को कहा। दुकानदार ने एक डिब्बा खोल कर सोने की 12 अंगूठी दिखाई। वह दोनों अंगूठी देखते रहे और फिर बोले कि और दिखाओ।

इस पर दुकानदार ने एक-दो अंगूठी और दिखाई। तब बोले जो अंगूठी पहले दिखाई थी, वह दोबारा दिखाओ। दुकानदार ने वांछित अंगूठी दोबारा दिखा दी। इस दौरान युवक और महिला दोनों अंगूठी देख रहे थे। युवक दुकानदार को बातों में उलझाए रहा और महिला ने नज़र बचा कर एक अंगूठी हथेली में फंसा ली। फिर बोले कि 5 ग्राम की अंगूठी बना देना। यह कहते हुए दोनों चले गए।

दुकानदार हर्षित अग्रवाल ने बताया- जब अंगूठियों की गिनती की तो एक कम थी। इधर-उधर देखा तो नहीं मिली। तब सीसीटीवी कैमरे देखे। इसमें महिला अंगूठी चुराते हुए दिख रही है। तब बाइक से मार्केट में दोनों को ढूंढ़ा, मगर वे कहीं नहीं मिले। अंगूठी की कीमत 50 हजार रुपए है।