लैपटॉप व तीन मोबाइल फोन उड़ाए, सीसीटीवी में कैद हुई घटना, मामला दर्ज

झांसी। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पंचवटी कालोनी में प्रेमी व युवतियों के साथ पहुंची एक महिला ने नाटकीय हमले से सनसनी फ़ैली है। हमलावरों ने पहले घर का दरवाजा खुलवाया, फिर अचानक हमला बोल दिया। इस दौरान महिलाएं लैपटॉप व तीन मोबाइल फोन चोरी कर भाग गईं। महिलाएं खुद को गुलाबी गैंग की सदस्य बता रही थीं।

कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचवटी कालोनी निवासी घनश्याम साहू ने बताया कि वह ऑनलाइन डाटा इंट्री का काम करता है। 10 फरवरी 2012 में उसकी शादी भांडेर दतिया मप्र निवासी युवती से हुई थी। उसकी 9 साल की बेटी एवं 3 साल का बेटा है। आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के संबंध एक व्यक्ति से हैं। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। पारिवारिक न्यायालय में मामला चल रहा है। इस पर पत्नी और उसका प्रेमी उससे रंजिश रखता है। वह पत्नी से अलग पंचवटी में किराये के मकान में रह रहा है। दोनों बच्चे भी उसके साथ रहते हैं। बेटी को परिवार के बारे में सब कुछ पता है। इस कारण पत्नी जबरन बच्चों को साथ ले जाना चाहती है।

घनश्याम ने बताया कि 18 सितंबर को भांजा ऋषि साहू उसके घर आया था। रात करीब 9:20 बजे सभी बैठकर खाना खा रहे थे। तभी पत्नी के साथ छह अज्ञात महिला व दो पुरुष आए। उन्होंने बात करने के लिए गेट खुलवाया और खुद को गुलाबी गैंग का सदस्य बताते हुए उसके व भांजे के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक महिला ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पति ने आरोप लगाया कि महिलाएं घर से तीन मोबाइल फोन एवं दो लैपटॉप चोरी कर ले गईं। मोहल्ले वालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पकड़कर थाने लाई। पति के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की। वह जमानत के बाद घर आया और सीसीटीवी फुटेज निकालकर थाने में तहरीर दी।

सीसीटीवी फुटेज मिलने पर पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी, प्रदीप ठाकुर सहित 11 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।