खजुराहो। भारत के आधुनिक रेल बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बनारस स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी उपस्थित रहे। बुंदेलखंड के खजुराहो, चित्रकूट, बांदा, महोबा स्टेशनों पर ट्रेन के आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
नव प्रारंभ की गई ये वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस–खजुराहो, लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली तथा एर्नाकुलम–बेंगलुरु मार्गों पर संचालित होंगी। इन नई ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को प्रमुख गंतव्यों के बीच तेज़, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा। साथ ही, इन ट्रेनों के संचालन से क्षेत्रीय संपर्कता में वृद्धि होगी, पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को गति प्राप्त होगी।
खजुराहो स्टेशन पर भव्य समारोह में अरविंद पटेरिया- विधायक, अरुण अवस्थी नगर परिषद् अध्यक्ष, खजुराहो ने ट्रेन का स्वागत किया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने वंदे भारत से खजुराहो पहुंचे राज्य मंत्री, मध्य प्रदेश सरकार दिलीप अहिरवार और सांसद खजुराहो विष्णु दत्त शर्मा सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इस ऐतिहासिक अवसर को क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। राज्य मंत्री, मध्य प्रदेश सरकार दिलीप अहिरवार ने कहा कि यह ट्रेन खजुराहो को देश के प्रमुख शहरों से जोड़कर आर्थिक और सामाजिक विकास की गति को और तेज़ करेगी। यह पहल आत्मनिर्भर भारत की भावना को सशक्त करती है।
सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस का खजुराहो तक विस्तार बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए यात्रा और व्यापार दोनों ही सुगम होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल लगातार नई ऊँचाइयाँ छू रही है और देश का हर कोना तेज़ी से विकास की राह पर अग्रसर है। विधायक अरविंद पटेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेल सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। वंदे भारत ट्रेन इस क्षेत्र के लिए विकास और प्रगति का नया अध्याय है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें बुंदेलखंड की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। स्टेशन परिसर में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण व्याप्त रहा। इस अवसर पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र – छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह सहित विशेष आमंत्रित अतिथि तथा सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।
वंदे भारत ट्रेन वाराणसी से खजुराहो तक की यात्रा के दौरान तीर्थनगरी चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन पहुंची, जहाँ स्टेशन परिसर में इसका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन पर पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, पूर्व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य, अध्यक्ष जिला कोऑपरेटिव बैंक बांदा/चित्रकूट पंकज अग्रवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कर्वी नरेन्द्र गुप्ता, प्रधान मुख्य अभियंता, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज जे. सी. चौरसिया, सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन का स्वागत किया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल ने कहा कि भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट के ऐतिहासिक प्लेटफार्म पर वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। यह ट्रेन काशी, विंध्याचल, प्रयागराज और चित्रकूट जैसे पवित्र स्थलों को जोड़ते हुए खजुराहो तक जाएगी, जिससे तीर्थयात्रा और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे के विकास की गति अभूतपूर्व है। रेलवे लाइन के दोहरीकरण के बाद इस मार्ग पर और भी नई वंदे भारत ट्रेनें चलने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। अतिथियों द्वारा छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्टेशन परिसर “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के उद्घोष से गूंज उठा। इस अवसर पर रेलवे के अधिकारी, स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
बांदा बांदा स्टेशन पर ट्रेन के आगमन पर उत्साह और गर्व का वातावरण रहा। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें बुंदेलखंड की लोक परंपरा की मनमोहक झलक दिखाई दी। बड़ी संख्या में नागरिक, स्कूली बच्चे और रेलवे अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। स्टेशन परिसर देशभक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। इस अवसर पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र – छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार रामकेश निषाद ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस का बांदा स्टेशन पर ठहराव, इस क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे बुंदेलखंड का यह महत्वपूर्ण जिला अब प्रमुख शहरों से तेज़ और आधुनिक रेल सेवा द्वारा सीधे जुड़ गया है। यह पहल क्षेत्र के युवाओं, व्यापारियों और किसानों के लिए नए अवसर लेकर आएगी। पर्यटन, शिक्षा और व्यापार के क्षेत्र में बांदा को निश्चित रूप से बड़ा लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय विकास को नई गति प्राप्त होगी
महोबा महोबा स्टेशन पर ट्रेन के आगमन के अवसर पर उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। स्टेशन पर सांसद, महोबा अजेंद्र सिंह लोधी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, नागरिकों, स्कूली बच्चों, जन प्रतिनिधियों तथा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रेम प्रकाश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति में वंदे भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत किया गया। सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने ट्रेन का स्वागत किया और खजुराहो तक की यात्रा के लिए ट्रेन में सवार हुए। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से संवाद कर इस ऐतिहासिक पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की।सांसद, महोबा अजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि महोबा से होकर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन इस क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। इससे स्थानीय जनता को अत्याधुनिक रेल सुविधा प्राप्त होगी और क्षेत्र के युवाओं, व्यापारियों तथा छात्रों के लिए तेज़ यात्रा के नए अवसर खुलेंगे।
राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन भारतीय रेल की प्रगति का प्रतीक है। यह ट्रेन महोबा सहित पूरे बुंदेलखंड को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त रूप से स्थापित करेगी, जिससे स्थानीय अर्थ व्यवस्था को भी नया बल मिलेगा। विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेल ने नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस इस क्षेत्र के विकास का प्रतीक बनेगी और महोबा के ऐतिहासिक गौरव को देश भर में नई पहचान दिलाएगी।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा सहित रेलवे के अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारी, विशेष आमंत्रित अतिथि तथा सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।













