झांसी। जिले के सीपरी थाना क्षेत्र में एक इंजीनियर ने शराब के नशे में पत्नी से विवाद होने पर सुसाइड कर लिया। नशे में देख कर पत्नी ने समझाया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद इंजीनियर कमरे में जाकर रस्सी के फंदे पर झूल गया। जब पत्नी कमरे में पहुंची तो वह पंखे पर रस्सी के फंदे पर लटका था। उसने तुरंत रस्सी काटी और आसपास के लोगों की मदद से पति को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दरअसल, बरुआसागर का मूल निवासी लगभग 38 वर्षीय दीपेश तिवारी आरपीएनएल कंपनी में इंजीनियर था और परिवार के साथ सीपरी बाजार क्षेत्र में प्रेमगंज में किराए के मकान में रह रहा था। सोमवार की सायं वह दोस्तों के साथ शराब पार्टी में मदहोश होकर रात लगभग 10.30 बजे घर लौटा। पत्नी रिंकी ने उसे त्योहार के दिन शराब पीने के लिए मना किया। इस बात पर गुस्से में आकर दीपेश ने पत्नी से झगड़ा करना शुरू कर दिया।

झगड़े के बाद दीपेश कमरे में चला गया और पत्नी रिंकी अपने बच्चे को दूध पिलाने लगी। थोड़ी देर बाद पत्नी कमरे में पहुंची तो दीपेश पंखे पर रस्सी का फंदा बनाकर लटका था। यह देख वह चीखने-चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर ऊपर के किराएदार और आसपास के लोग एकत्र हो गए। तुरंत रस्सी को काटकर दीपेश को नीचे उतारा। सांस चलने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने दीपेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। इस घटनाक्रम से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी रिंकी का रो रो कर बुरा हाल है।