ट्रेन से 63 लाख रुपये बरामद, एक व्यक्ति पकड़ा गया

0
102

झांसी। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर झांसी मंडल में चलाए जा रहे आपराधिक रोकथाम एवं संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु चेकिंग अभियान के दौरान क्राइम विंग (D&I) झांसी और रेसुब पोस्ट चित्रकूटधाम कर्वी की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 18203 बेतवा एक्सप्रेस से 63 लाख रुपये की नकदी बरामद करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा।

10 अगस्त 2026 को चेकिंग के दौरान ट्रेन संख्या 18203 बेतवा एक्सप्रेस के बी-3 कोच की बर्थ नंबर 19 पर यात्रा कर रहे 60 वर्षीय प्रीतमदास निवासी वार्ड नंबर 21, रसाला मोहल्ला, मनोहर धाम के पीछे, सिंधी कैंप, रघुराजनगर नगरीय सतना, थाना कोलगवां, जिला सतना (मध्य प्रदेश) को बहिलपुरवा-चित्रकूटधाम कर्वी स्टेशनों के बीच करीब 11:20 बजे संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। उसके पास एक पिट्ठू बैग एवं थैला था, जिसकी जांच करने पर उसमें 63 लाख रुपये की नकदी मिली।

पूछताछ में प्रीतमदास ने बताया कि संजय उर्फ संजू नामक व्यक्ति ने उसे उक्त रुपये सतना से कानपुर पहुंचाने के लिए दिए थे। नकदी को अपने पास रखने और ले जाने के संबंध में वह कोई वैध अधिकार पत्र अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे रेसुब पोस्ट चित्रकूटधाम कर्वी लाया गया, जहां बैंक कर्मचारी एवं नोट गिनने वाली मशीन की सहायता से नकदी की गिनती कराई गई। गिनती में कुल 63,00,000 रुपये (तिरेसठ लाख रुपये) पाए गए।

मामले की सूचना उप निदेशक, आयकर विभाग, कानपुर नगर एवं आयकर अधिकारी, आयकर विभाग, बांदा को दी गई। स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पंचनामा रिपोर्ट तैयार कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सुपुर्द करने की प्रक्रिया की गई।

इस कार्रवाई में क्राइम विंग (D&I) झांसी के स.उ.नि. नवीन कुमार, प्र.आ. उमेश कुमार, प्र.आ. तौसीफ खान एवं आ. सुरेंद्र सिंह बिष्ट तथा रेसुब पोस्ट वीजीएलजे के उ.नि. विनोद मिश्रा एवं प्र.आ. रमेश चंद विश्वकर्मा शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here