• डीआरएम ने नए आरक्षण कार्यालय का जायजा लिया, दिए निर्देश
    झांसी। उमरे के झांसी मंडल में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत आज मंडल रेल प्रबंधक संदीप माथुर के नेतृत्व में झांसी स्टेशन पर श्रमदान किया गया। इसके तहत स्टेशन पर आरक्षण कार्यालय के पास सर्कुलेटिंग एरिया में की गयी साफ सफाई में सभी शाखा अधिकारियों व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। स्टेशन पर चलाए गए इस स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक करना था। श्रमदान के साथ ही मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्टेशन पर विभिन्न जगहों की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इसमें मुख्य रूप से नवीनीकृत प्रतीक्षालय व उसमे शौचालय की साफ-सफाई का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया। वातानुकूलित प्रतीक्षालय के नवीनीकरण के लिए चल रहे कार्य का भी निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्टेशन पर अन्य यात्री सुविधाओं को भी बेहतर से बेहतर बनाए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
    इस दौरान यात्री शेड के पास जल निकासी को ओवरफ्लो पाए जाने पर सम्बंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द इसे सुधारने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान यात्री शेड में बन रहे नये आरक्षण कार्यालय का भी जायजा लिया और सम्बंधित अधिकारियों से इस विषय पर विस्तार में चर्चा की गई ताकि भविष्य में आरक्षण कार्यालय के स्थान परिवर्तन से यात्रियों एवं कर्मचारियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े। स्टेशन परिसर को और अधिक स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए शाम को श्रमदान के स्थान पर वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अमित सेंगर, वरिष्ट मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. जितेन्द्र कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल व दूरसंचार अभियंता (समन्वय) निर्मोद कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल व दूरसंचार अभियंता अमित कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी, डीईएन/एचएम गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल अभियंता राजेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह, स्टेशन डायरेक्टर राजाराम राजपूत, मंडल अभियंता एम.पी. कुशवाहा सहित पर्यवेक्षक तथा स्टाफ उपस्थित रहे।