ट्रेन से गिर कर युवक की मौत
झांसी। बुधवार को ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। 24 साल का राजकुमार गोंडा से मुंबई जा रहा था। ट्रेन झांसी के चिरगांव क्षेत्र पहुंची तो वह नीचे गिर गया। सूचना मिलने पर पिता समेत अन्य परिजन गुरुवार को झांसी पहुंचे। यहां मोर्चरी में बेटे की लाश देखकर पिता रोने लगे।
मृतक राजकुमार (24) गोंडा के मनकापुर थाना क्षेत्र के असरफपुर गांव का रहने वाला था। मृतक के पिता पाटेश्वरी प्रसाद कश्वप ने बताया- मेरे 4 बेटे पंकज, रिंकू, राजकुमार, आकाश और दो बेटी शांति और मालती है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। बेटे अविवाहित हैं।
तीसरे नंबर का बेटा राजकुमार मुंबई में एक बंगला में काम करता था। 3 महीने पहले वह घर आ गया था। अब दोबारा से वह काम करने के लिए मुंबई जा रहा था। मंगलवार को उसे गोंड स्टेशन से छत्रपति शिवाजी टर्मिनल एक्सप्रेस के जनरल कोच में बैठाया था। बुधवार को वह झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव के पास गिर गया।
पिता ने आगे बताया- बुधवार को पुलिस का फोन आया कि राजकुमार ट्रेन से गिर गया। सूचना पर आज हम लोग झांसी पहुंचे। पुलिस ने शव दिखाया तो उसकी पहचान राजकुमार के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया।














