फर्स्टएड व आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए 62 प्रतिभागियों को विशेष प्रशिक्षण

0
9

उत्तर मध्य रेलवे के झांसी में 5 दिवसीय ‘फर्स्ट एड स्पेशल कोर्स’ का समापन

झांसी। आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षा के लिए प्राथमिक चिकित्सा के महत्व को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा झाँसी में आयोजित पाँच दिवसीय ‘फर्स्ट एड स्पेशल कोर्स’ में प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार, दुर्घटना की स्थिति का आकलन व CPR सहित विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं राज्य मुख्य आयुक्त, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज विनीत कुमार श्रीवास्तव के अनुमोदन से राज्य मुख्यालय, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर मध्य रेलवे द्वारा झाँसी मंडल स्थित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स प्रशिक्षण केंद्र में 9 से 13 सितंबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों से कुल 62 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का संचालन संजय चतुर्वेदी, ALT लीडर, उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, झाँसी द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आकस्मिक दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में पीड़ित व्यक्ति को तत्काल एवं प्रभावी प्राथमिक सहायता प्रदान करने की जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत प्राथमिक चिकित्सा की अवधारणा, एक कुशल प्राथमिक सहायक के गुण, प्राथमिक उपचार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां तथा प्राथमिक चिकित्सा के 10 गोल्डन रूल्स के बारे में विस्तार से बताया गया।

10 से 12 सितंबर 2026 तक दोपहर के भोजन के उपरांत अभिनव निरंजन, मंडल चिकित्सा अधिकारी, झाँसी एवं गौरव श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी, झाँसी द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में दुर्घटना पीड़ित की स्थिति, चोट की गंभीरता एवं परिस्थितियों का आकलन कर क्रमबद्ध तरीके से प्राथमिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों में CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) कब, क्यों और किस प्रकार दिया जाना चाहिए, इसका भी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक, झांसी ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर प्रतिभागियों से संवाद किया तथा प्रशिक्षण से प्राप्त लाभ एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण केंद्र में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, आवासीय व्यवस्था, नवनिर्मित स्नानगृह तथा महिला प्रतिभागियों के लिए की गई पृथक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की सराहना करते हुए मंडल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक, झाँसी ने भविष्य में व्यवस्थाओं को और बेहतर किए जाने का आश्वासन दिया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन 13 सितंबर को सर्वधर्म प्रार्थना के उपरांत प्रतिभागियों को कोर्स प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) रविकांत शर्मा तथा राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) एवं राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) मंजू जोशी द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिल शर्मा, ALT/Rover, अंकित सक्सेना, ALT/Rover, दिनेश शर्मा, ALT/Scout एवं ज्योति कुमारी, ALT/Guide ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) प्रदीप पांडे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) निर्मल सिंह संधु, क्वार्टर मास्टर, झाँसी जिला के वरिष्ठ लीडर्स एवं सर्विस स्टाफ द्वारा भी प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here