लापता बीएससी की छात्रा का शव कुएं में उतराता मिला

0
131
Oplus_16908288

हत्या व आत्महत्या में उलझी मौत की जांच में जुटी पुलिस 

झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत करारी में बीएससी की छात्रा की लाश कुएं में उतराती मिलने से सनसनी फ़ैल गई। वह 19 सितंबर को खेत पर गई थी, किंतु जब लौट कर घर नहीं आई तो परिजन तलाश करने लगे तब खेत में बने कुएं के किनारे छात्रा की चप्पल और दुपट्टा मिला था। कुएं में तलाश करने पर कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार को परिजन खेत पर पहुंचे तो कुएं के अंदर पानी में शव उतरा रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से निकाल कर साक्ष्य जुटाए गए।

मृतका पूजा जाटव (20) पुत्री बलराम जाटव दतिया जिले पलोथर गांव की रहने वाली थी। वह बचपन से ही अपने मामा ओमीशरण अहिरवार के घर करारी गांव में रह रही थी। मामा ओमशरण ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं।पूजा दतिया के पीजी कॉलेज में बीएससी फाइनल ईयर में पढ़ रही थी। पिछले बुधवार को वह बैंक के काम से गांव पलोथर भी गई थी। इसके बाद घर आ गई थी। पिछले 7 दिन से उसका भाई दीपेश भी मेरे घर आया हुआ था।

19 सितंबर को दोपहर में पूजा ने अपने भाई दीपेश को खाना खिलाया। फिर खेत पर जाने की बात कहकर निकल गई। अपना मोबाइल घर पर छोड़ गई थी। काफी देर तक पूजा जब घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे। वहां कुएं के किनारे पूजा की चप्पल और दुपट्टा मिला। ऐसे में लोहे का कांटा कुएं में डालकर पूजा की तलाश की। आसपास के एरिया, घर और रिश्तेदारियों में भी ढूंढ़ा। मगर पूजा का कोई सुराग नहीं लगा तब थाने जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

सोमवार को मामा खेत पर गया तो कुएं में पूजा का शव पानी में उतराता दिखाई दिया। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कार्यवाहक सीओ सिटी प्रिया सिंह प्रेमनगर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पूजा ने सुसाइड किया या किसी वारदात का शिकार हुई इसकी जांच की जा रही है। मृतका के मोबाइल फोन में पैनर्ट लॉक लगा है। मोबाइल की जांच से ही मौत का राज खुल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here