झांसी। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग नई दिल्ली के सदस्य गंगा राम घोसरे ने मंडल रेल प्रबंधक संदीप माथुर से मंडल में सफाई कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान मुख्य रूप से सफाई कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक जीवन पर चर्चा करते हुए उनके पुनर्वास के लिए स्वरोजगार योजना की समीक्षा की गई। इसके अलावा श्री घोसरे ने सफाई कर्मचारियों की वर्तमान संख्या, कार्य दशाएं, सुरक्षा, स्वास्थ्य, न्यूनतम वेतन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। विशेष रूप से ठेके के माध्यम से नियुक्त होने वाले सफाई कर्मचारियों को ठेकेदार द्वारा दिए जा रहे वेतन एवं अन्य सुविधाओं की समय समय पर समीक्षा किये जाने से सम्बंधित विषय पर ध्यान केन्द्रित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक संदीप माथुर ने श्री घोसरे एवं आये हुए अन्य जन प्रतिनिधियों को आश्वाशन देते हुए कहा की मंडल अपने सफाई कर्मचारियों के हितों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है एवं समय समय पर उन्हें दी जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा सम्बंधित विभाग द्वारा की जा रही है। मंडल में सफाई कर्मचारियों को सभी सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुसार दी जा रही हैं। अगर इसमें किसी भी प्रकार की कोई कमी पाई जाती है जिसके कारण किसी भी सफाई कर्मचारी को कोई समस्या का सामना करना पड़ता है तो उसका समाधान कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए विधि सम्मत तरीके से किया जाएगा। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अमित सेंगर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जितेन्द्र कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता(सीएण्डडब्लू), वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उल्लास कुमार, मंडल पर्यावरण एवं साफ-सफाई प्रबंधक गिरीश कंचन, मंडल वाणिज्य प्रबंधक अखिल शुक्ल आदि अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।