झांसी। जिले के मोंठ ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख चरन सिंह यादव के पुत्र राज यादव के खिलाफ जनपद के बबीना थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। तहसीलदार मनोज कुमार की तहरीर पर रविवार को धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज किया गया है। इसमें राज यादव पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे बबीना ब्लॉक के ग्राम पंचायत बड़ौरा की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का आरोप लगा था। जांच के बाद आरोप सत्य पाए जाने पर यह कार्रवाई हुई है।
गौरतलब है कि इससे चार दिन पहले पूर्व ब्लॉक प्रमुख चरन सिंह पर भी बबीना थाने में धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज किया गया था। चरन सिंह पर भी फर्जी दस्तावेजों की मदद से ग्राम पंचायत बड़ौरा की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का आरोप लगा था और जांच में मामला सही पाए जाने पर तहसीलदार ने केस दर्ज कराया था।