दोस्तों के साथ पिकनिक के दौरान डैम में डूबा युवक
झांसी। पत्नी करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखे रही लेकिन चन्द्रमा निकलने से पहले ही उसका सुहाग हमेशा के लिए छिन गया। करवा चौथ के दिन प्रेम नगर थाना क्षेत्र में गरिया रेलवे डैम पर पिकनिक मनाने गए चार दोस्तों में से एक की गहरे पानी में डूब कर मौत हो गई। पुलिस ने फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को निकाला गया।
सदर बाज़ार थाना क्षेत्र के खिरक पट्टी भट्टा गांव निवासी विवेक (27) पुत्र सुंदरलाल वर्मा अपने दोस्तों – राजू (14) पुत्र दौलत अहिरवार, रज्जू (30) पुत्र अली मोहम्मद और असरद (28) पुत्र अजमल के साथ प्रेम नगर क्षेत्र के गड़िया रेलवे डैम पर पिकनिक मनाने गया था। चारों दोस्त डैम के पास समय बिता रहे थे, तभी अचानक विवेक गहरे पानी की चपेट में आ गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।
दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची प्रेम नगर थाना पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय गोताखोरों को रेस्क्यू के लिए उतारा। करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद विवेक का शव डैम की गहराई से बरामद किया जा सका।
मृतक विवेक अपने पीछे पत्नी खुशबू और एक मासूम बेटे को रोता-बिलखता छोड़ गया है। त्योहार के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।














