23 को कलश शोभा यात्रा, 30 तक कथा ज्ञान यज्ञ
झांसी। पारीछा स्टेशन रोड पर बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा परिवार द्वारा 23 से 30 दिसंबर तक भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में ज्ञान की गंगा विश्व विख्यात कथा भास्कर श्रीकृष्ण चंद्र शास्त्री वृन्दावन धाम के द्वारा बहायी जाएगी। कथा ज्ञान यज्ञ की कलश यात्रा 23 दिसंबर को प्रात: 10 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर पारीछा से प्रारंभ होगी। इसमें लगभग 2100 से 2500 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में मंगल कलश लेकर निकल कर कार्यक्रम स्थल (विधायक निवास) पर पहुंचेंगीं। इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के साथ भागवत भास्कर श्रीकृष्ण शास्त्री रथ में एवं भगवान के स्वरूप सहित साधु संत आदि घोड़े व बग्घियों पर सवार होकर शोभायमान रहेंगे।
विधायक राजीव पारीछा ने इस धार्मिक कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि भागवत कथा में प्रदेश सरकार के मंत्री गण, बुंदेलखंड के समस्त जनप्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। इसके साथ ही झांसी सहित बुंदेलखंड के समस्त साधु-संत, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, व्यापारियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों आदि को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। कार्यक्रम स्थल पर पण्डाल में लगभग 15000 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जरूरत के मुताबिक स्थान की व्यवस्था की गयी है। श्रोताओं को कार्यक्रम स्थल पर लाने व ले जाने के लिए बसें, ट्रैक्टर व अन्य चार पहिया वाहनों की भी व्यवस्था की गई है साथ ही निजी वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
विधायक ने बताया कि भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रमानुसार 24 दिसंबर को पारीक्षित जन्म एवं सृष्टि क्रम वर्णन कपिल अवतार, 25 दिसंबर को ध्रुव चरित्र, जड़ भरत चरित्र एवं अजामिल चरित्र, 26 दिसंबर को प्रहलाद चरित्र एवं वामन अवतार, 27 दिसंबर को श्री राम अवतार एवं श्री कृष्ण जन्मोत्सव, 28 दिसंबर को श्री कृष्ण लीला, गोवर्धन लीला एवं छप्पन भोग, 29 दिसंबर को रास पंचाध्यायी, कंस वध, 16108 विवाह एवं रुक्मणी विवाह, 30 दिसंबर को सुदामा चरित्र निभि संवाद, दात्तात्रेय के 24 गुरुओं के वर्णन के साथ कथा समाप्त की जाएगी एवं 31 दिसंबर को हवन पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आस्था भजन चैनल पर किया जाएगा। इस मौके पर हरिओम थापक, विनोद नायक, जयदेव पुरोहित, संजीव श्रंृगीरिषी, संजीव अग्रवाल लाला, हेमंत परिहार, रामकुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।