• पचास से अधिक साहित्यकारों का होगा जमावड़ा
    झांसी। क्राफ्ट मेला मैदान पर बुंदेलखंड साहित्य महोत्सव 2020 की तैयारियों को आज अंतिम रूप दे दिया गया है। इसमें 25 से अधिक प्रकाशकों के लिए स्टाल आज ही सज गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर एक अस्थाई पुलिस चौकी, क्लीनिक, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सवेरा संस्था का स्टाल आदि कई व्यवस्थाएं की गयी हैं। बुंदेलखंड में होने वाला प्रथम बुंदेलखंड साहित्य महोत्सव अपने में साहित्य कला संस्कृति सिनेमा आदि को समेटे हुए है। महोत्सव में पचास से अधिक साहित्यकारों का होगा जमावड़ा। इसके साथ ही इसमें विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं सभी वर्गों के लिए आयोजित की जाएंगीं। विशेष आकर्षण का केंद्र है बुंदेलखंड में होने वाले विभिन्न प्रकार केनृत्य, गायन और नाटक आदि का मंचन। कार्यक्रम प्रत्येक दिन अपराहन 12 से लेकर रात 9.30 बजे तक चलेंगे।
    संयोजक डॉ पुनीत बिसारिया ने बताया कि प्रथम दिन साहित्य कार्यक्रमों की शुरुआत दोपहर 2.15 से लेकर 6.30 बजे तक होगी। इसमें बुंदेली साहित्य बोली का बोलबाला, साहित्य के प्रसार में सरकार की भूमिका, हिंदी साहित्य, बुंदेलखंड हिंदी के बढ़ते कदम, समकालीन ललित कला परिदृश्य, बुंदेलखंड के विशेष परिप्रेक्ष्य में जनजाति, किन्नर एवं दलित, साहित्य कहां है आज, समकालीन हिंदी आलोचना का परिदृश्य, तनाव मुक्त जीवन के सूत्र विषय पर चर्चा की जायेगी। इसके साथ ही प्रात: 10 से 6 बजे तक समकालीन साहित्य, फिल्म, कला, संस्कृति एवं मीडिया चुनौती एवं संभावनाएं विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतियोगिताएं की संयोजिका डॉ नीति शास्त्री ने बताया की कार्यक्रमों के साथ ही प्रथम दिवस पर 3 से 6 बजे तक बुंदेलखंड को जानो, बुंदेली संस्कृति पर आधारित वधू सज्जा और बुंदेली आधारित फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समन्वयक डॉ रेखा लगरखा ने बताया की सायं 6.30 से रात्रि 9.30 बजे तक संस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। प्रथम दिन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा दिवारी लोक नृत्य, ढिमरयाई लोक नृत्य, डॉ हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर द्वारा बधाई, जितेन एवं साथी महोबा द्वारा आल्हा, कोंच की प्रसिद्ध रामलीला, राष्ट्रकवि मैथिली शरण गुप्त महाविद्यालय के छात्रों द्वारा बुंदेली और अवधी लोकगीत प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजन सचिव चन्द्र प्रकाश ने बताया उद्घाटन समारोह में अध्यक्षता बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जयंत विनायक वैशंपायन करेंगे एवं मुख्य अतिथि झांसी के मंडलायुक्त सुभाष चंद शर्मा होंगे।