• रात में नगर आयुक्त के आश्वासन पर धरना हुआ समाप्त
    झांसी। झांसी में नगर निगम में निर्माण व मरम्मत कार्योंमें लेटलतीफी एवं टेण्डर प्रक्रिया में धांधली के आरोप में कई पार्षदों ने आज हंगामा कर दिया। प्रदर्शनकारी पार्षदों ने कई अफसरों के चैंबर में तालाबंदी कर दी और मेयर के चेम्बर के सामने प्रदर्शन कर धरने पर बैठ गए। पार्षदों के मांगें पूरी नहीं करने के अडिय़ल रवैये केचलते देर सायं नगर आयुक्त व कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और मांगों के पूरा करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने पर पार्षदों ने धरना समाप्त कर दिया।
    प्रदर्शनकारी पार्षदों का नेतृत्व कर रहे पार्षद विद्या प्रकाश दुबे ने बताया कि पिछले काफी महीनों से नगर निगम में निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अपर नगर आयुक्त के संदर्भ से जो भी कार्य होते हैं, उनमें जानबूझ कर टालमटोल किया जाता है। सदन में प्रस्तावों को पास हुए पांच महीने हो चुके हैं, उनके स्टीमेट बनाकर टेंडर में लगाये गए इसके बाद टेंडरों को चार महीने तक उसी तरह रख कर खोला जाता है। नगर आयुक्त उसे खोलते हैं और निरस्त कर देते हैं। पार्षदों ने कहा कि उन्हें जवाब चाहिए कि टेंडर निरस्त क्यों किये गए। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा मरम्मत के छोटे-छोटे काम भी नहीं हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी पार्षदों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक वह यहां धरने पर बैठे रहेंगे। उन्होंने बताया कि आज निर्माण विभाग के साथ सम्पत्ति विभाग, अपर आयुक्त व स्वास्थ्य विभाग में तालाबंदी कर दी है। जब तक उनकी समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा वह महापौर के कक्ष में धरने पर बैठे रहेंगे। हंगामे की सूचना मिलने पर वहां थाना नवाबाद पुलिस पहुंच गयी तो प्रदर्शनकारी पार्षद भड़क गए। उन्होंने पुलिस को शांति पूर्ण प्रदर्शन की जानकारी देते हुए बताया कि वह तब तक नहीं उठेंगे जब तक की उन्हें समुचित आश्वासन नहीं मिल जाता। इस पर पुलिस वहां से लौट गयी। इसके बाद प्रदर्शनकारी पार्षदों की हठधर्मिता को देख कर रात लगभग आठ बजे नगर आयुक्त अन्य अधिकारियों के साथ प्रदर्शनकारियों के समक्ष पहुंचे। पार्षदों ने उन्हें अपनी मांगों की विस्तार से जानकारी दी। मांगों को सुन कर नगर आयुक्त ने पार्षदों से चर्चा की। उन्होंने मांगों को पूरा करने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।