झांसी। उमरे के झांसी मण्डल मुख्यालय पर स्थित रेलवे वैगन मरम्मत कारखाना में आज उस समय सनसनी फैल गयी जब वर्कशाप के पर्सनल विभाग में कार्यरत एक महिला सीनियर क्लर्क को कोरोना जांच के लिए रेलवे अस्पताल भेजा गया। विदेश से लौटी इस महिला क्लर्क को फिलहाल घर में आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे अस्पताल प्रशासन द्वारा इसके बारे में सिविल अर्थोटी को बता दिया गया है।
दरअसल, रेलवे वर्कशाप के पर्सनल विभाग में सीनियर क्लर्क के पद पर कार्यरत महिला कर्मचारी दो दिन पूर्व ही विदेश (मालदीव) का टूर कर वापस झांसी लौटी है। इस कर्मचारी द्वारा गुरूवार को अपनी डयूटी ज्वाइन कर ली। दिन भर उसने कार्यालय में काम किया, किन्तु कर्मचारी भयभीत रहे। कर्मचारियों ने आज इसकी जानकारी सीडब्लूएम को देकर उस महिला कर्मचारी के कोरोना से ग्रसित होने की आशंका व्यक्त कर उसका परीक्षण कराने का दबाव बनाया। स्थिति को देखते हुए उक्त महिला कर्मचारी की जांच के लिए रेलवे अस्पताल के चिकित्साधीक्षक को पत्र लिख कर भेजा गया। सूत्रों की मानें तो इस महिला कर्मचारी को घर में आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे अस्पताल प्रशासन द्वारा इसके बारे में सिविल अर्थोटी को बता दिया गया है।