झांसी। विशेष न्यायाधीश पोस्को एक्ट मोहम्मद नेयाज अहमद अंसारी की अदालत में दो वर्ष पूर्व तीन वर्षीय बालिका को बहला फुसला कर ले जाकर उसके साथ दरिंदगी करने का दोष सिद्ध होने पर अभियुक्त को आजीवन कारावास की सजा और दो लाख रूपये अर्थदंड से दण्डित किया गया।
अभियोजन की ओर से पैरवी कर रहे विशेष शासकीय अधिवक्ता विजय सिंह कुशवाह ने बताया कि 18 दिसंबर 2023 को ग्राम साकिन निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि ग्राम साकिन निवासी सुमित अहिरवार उसकी तीन वर्षीय पुत्री को बहला फुसला कर घर से ले गया। देर शाम तक पुत्री नहीं मिली तो उसकी खोजबीन की। गांव वालों ने बताया कि उसकी पुत्री को सुमित अहिरवार गांव के बाहर ले जा रहा था। तभी गांव के बाहर खोजबीन की गई तो कुकू प्रजापति के मकान के बाड़े में उसकी पुत्री बेसुध पड़ी थी उसके चेहरे व शरीर पर कई जगह नाखूनों से नोचने के निशान थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मासूम का मेडिकल परीक्षण कराया। जिसमें बलात्कार की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म की धारा में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया था और न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था।
न्यायालय में आज सुनवाई के दौरान अभियुक्त सुमित पर तीन वर्षीय मासूम से दरिंदगी का दोष सिद्ध होने पर आजीवन करावास की सजा और दो लाख रुपए अर्थदंड से दण्डित किया गया।













