झांसी। मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में 08 एवं 09 जनवरी को NCRMU के साथ स्थायी वार्ता तंत्र (PNM) की 73वीं बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें मंडल में औद्योगिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा कर्मचारी हितों से संबंधित विषयों पर सकारात्मक विमर्श किया गया।
बैठक के प्रारंभ में स्थायी वार्ता तंत्र के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा द्वारा बैठक के उद्देश्य से अवगत कराया गया। बैठक के प्रथम दिन विशेष सत्र के दौरान उपस्थित यूनियन प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि औद्योगिक संबंधों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में NCRMU का रेलवे प्रशासन को निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है तथा दोनों के मध्य सकारात्मक सहभागिता बनी हुई है। उन्होंने NCRMU के इस सहयोग की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार का सक्रिय एवं रचनात्मक सहयोग प्राप्त होता रहेगा।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने विगत एक वर्ष के दौरान झाँसी मंडल की प्रमुख उपलब्धियों से अवगत कराया। इनमें मंडल में किए गए वृहद इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर किए गए BLT कार्य, डबल लाइन परियोजना, विभिन्न विभागों द्वारा संपादित महत्वपूर्ण कार्य, समूह ‘घ’ कर्मचारियों हेतु विश्राम गृह का नवीनीकरण, विगत छह माह में रिकॉर्ड 1806 पदोन्नतियाँ सहित अन्य उल्लेखनीय कार्य शामिल रहे।
इसके उपरांत NCRMU के मंडल अध्यक्ष भावेश प्रसाद सिंह एवं सचिव अमर सिंह यादव ने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति उसके प्रबंधन एवं कर्मचारियों के मध्य बेहतर औद्योगिक संबंधों पर निर्भर करती है तथा सौहार्दपूर्ण संबंधों के परिणामस्वरूप ही संगठन निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने झाँसी मंडल के अधिकारियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कर्मचारियों से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु अधिकारियों द्वारा सदैव हर संभव प्रयास किए जाते हैं।
बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न विषयों, जिनमें रेलवे आवासों की मरम्मत, साफ-सफाई, भत्तों से संबंधित मुद्दे तथा कर्मचारियों से जुड़ी जमीनी समस्याएँ शामिल थीं, पर विस्तृत एवं सघन चर्चा की गई। बैठक में प्रस्तुत मदों में से अधिकतम मद निस्तारित कर दिये गये तथा शेष मदों पर शीघ्र नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु अपर मण्डल रेल प्रबन्धक इन्फ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा द्वारा शाखाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन नन्दीश शुक्ल सहित झांसी मंडल के समस्त शाखाधिकारी एवं यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।













