विधायक राजपूत ने की है रानी के जन्मोत्सव को उत्सव की तरह मनाने की मांग, चर्चा शुक्रवार को
झांसी। अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुईं झांसी की महारानी लक्ष्मीबाई की आवाज शुक्रवार को लखनऊ विधानसभा में गूंजेगी। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने झांसी की महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती को भव्य उत्सव के रूप में मनाए जाने के लिए संकल्प विधानसभा में पेश किया है। इस पर शुक्रवार को चर्चा होगी।

गरौठा विधानसभा के विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कहा है कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई विश्व की पहली ऐसी महिला वीरांगना हैं जिसने अकेले अंग्रेजी फौज से लोहा लेकर उनको धूल चटाई। अपने राज्य की सुरक्षा के लिए वह अंग्रेजों से डटकर लड़ीं और कई दिनों तक चले युद्ध के बाद वीरगति को प्राप्त हो गईं। लेकिन अभी तक झांसी उनके जन्मोत्सव पर कोई बड़ा आयोजन नहीं होता है, जिससे उनको याद कर उनके कार्यों से प्रेरणा ली जा सके। विधायक ने कहा कि इसी को लेकर हमने विधानसभा में संकल्प पत्र के जरिए इस बात को उठाया है कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिन 19 नवंबर को दीप प्रज्वलित की भव्य महोत्सव कराया जाए। पूरे जिले में आयोजन को उत्सव के रूप में मनाया जाए ताकि लोग रानी लक्ष्मीबाई के त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई नेे अंग्रेजों की फौज से लोहा लेकर जो महान कार्य किया है उसका कर्ज हम सब कभी नहीं उतार सकते हैं। झांसी के लिए वह भगवान की तरह ही हैं और जिस प्रकार अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन होता है उसी प्रकार झांसी में भी रानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिन पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाए।

विधायक राजपूत उठाएंगे स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा।

झांसी। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने विधानसभा में सवाल लगाया है। सदन ने इसे अल्प सूची में शामिल लिया है। विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि कोविड 19 संक्रमण के दौरान कई जगहों से शिकायतें मिली थीं कि कोरोना के अलावा अन्य सामान्य बीमारियों का इलाज नहीं होने के कारण मरीजों की जान चली गई। इसको लेकर सवाल लगाकर सरकार से यही कहा गया है कि कोरोना संक्रमण के दौरान अन्य सामान्य मरीजों के इलाज के लिए सरकार क्या व्यवस्था कर रही है। और यह व्यवस्था आखिर कब तक होगी।
———–