झांसी। नबालिग लड़की अपनी उम्र से कई वर्ष बड़े युवक के प्यार में इतनी दीवानी हो गई कि उसने अपनी मां पर ही हमला कर दिया और प्रेमी के साथ भागने की कोशिश की। किसी प्रकार नाबालिग को पकड़ लिया और उसका प्रेमी भाग निकला। नाबालिग पर चढ़े इश्क के भूत को जंजीरों में जकड़ कर गिरफ्तार कर लिया गया।

यह अनोखा मामला झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के अंतर राज्यीय बस स्टेंड के पास पानी की बोतल बेचने वाली वृद्धा की नाबालिग पुत्री का है। इस लड़की का तालपुरा निवासी युवक से प्रेम हो गया। इसके चलते वह उस युवक के साथ दो बार भागने का प्रयास कर चुकी है। शनिवार को लड़की फिर उस युवक के साथ भागने की फिराक में थी तभी उसकी मां की नजर पड़ गई। मां ने शोर मचाकर आस पास के लोगों को बुलाया तो उसकी पुत्री व प्रेमी ने मां पर हमला बोल दिया।

इस सबके बावजूद मां ने किसी प्रकार लड़की को पकड़ लिया, किंतु उसका प्रेमी रफूचक्कर हो गया। लड़की बार बार अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी थी। काफी समझाने पर भी वह नही मानी तो लड़की के हाथ पैरों में जंजीर बांध कर ताला डालकर उसे काबू में कर लिया। लड़की को जंजीरों में जकड़ा देख वहां लगी लोगों की भीड़ ने वीडियो बनाकर वायरल कर दी। बताया जा रहा है की वृद्ध महिला जिसे अपनी पुत्री बता रही वह उसे लावारिश पड़ी मिली थी। उसे अपनी पुत्री की तरह पाला पोसा। उस मां की ममता को क्या पता था जिसे वह पाल पोस रही है वह उसके लिए ही खतरनाक हो जाएगी।

लड़की अपनी बहन के साथ घर चली गई

मंडी चौकी प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया, ”लड़की और उसकी मां को चौकी ले गए थे। लड़की ने खुद की उम्र 18 साल बताई है। उम्र को लेकर जांच की जा रही है। लड़की ने बयान दिया कि उसने खुद ही अपने आपको जंजीरों से जकड़ लिया था। मेडिकल जांच में कोई चोट नहीं आई है। लड़की अपनी बड़ी बहन के साथ घर चली गई। आगे की जांच की जा रही है।”