झांसी/ललितपुर। विगत शाम एक महिला से परेशान होकर ललितपुर जनपद के नेहरू नगर में रहने वाले भाई बहन ने एक चिकित्सक की क्लीनिक पर जाकर विषाक्त खा लिया। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। यह देख वहां मौजूद लोग भाग निकले। जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां से हालत गम्भीर होने पर भाई को झांसी मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया।

जिला ललितपुर के नेहरु नगर निवासी संजय पर एक महिला ने मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि महिला ने ब्लेकमेल कर मामला रफादफा करने के नाम पर दस लाख की रकम मांगी थी। मुकदमा के डर से परिजनों ने पांच लाख का इंतजाम कर महिला को दे दिया। इसके बाद भी महिला पांच लाख रूपये की मांग कर रही थी। जिसे न देने पर मुकदमे में फ़साये जाने की धमकी दी जा रही थी। जिससे परेशान होकर पीड़ित परिवार ने पुनः चार लाख का इंतजाम करके दे दिया गया। लेकिन आरोपी महिला अपनी जिद पर अड़ी थी कि उसे पूरी रकम दी जाए।

इन हालात के चलते परेशान परिजनों में तनाव चल रहा था। भाई दूज पर संजय की बहन भागन देवी पत्नी कामता प्रसाद (40) मायके आई थी। इस दौरान उसके सामने ब्लैक मेलिंग का मामला व एक लाख रूपये की बात सामने आई। इससे वह भी तनाव में आ गयी।

उसे पता चला कि क्षेत्र में रहने वाला एक अस्पताल का डॉक्टर बीच में मध्यस्ता करा रहा है तो बातचीत करने के लिए भागन देवी अपने भाई रामचरण पुत्र अज्जू (38) के साथ उक्त चिकित्सक के अस्पताल पहुंची। जहां बीतचीत सफल नहीं हुई जिससे नाराज होकर भाई-बहन ने वहीं पर विषाक्त खा लिया। दोनों की हालत देख कर अस्पताल में हड़कंप मच गया और मौके से सभी भाग खड़े हुए।

जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहाँ दोनों को अचेत हालत में पड़ा देख घबरा गए। आनन फ़ानन दोनों को उपचार के लिए परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहाँ रामचरण की हालत नाजुक देखते हुए झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस द्वारा  मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।