– प्रदेश में शान्ति व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

– आम जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके पर्याप्त प्रबन्ध सुनिश्चित करें

– किसानों का हित व कल्याण की दिशा में केन्द्र व राज्य सरकार निरन्तर कार्यरत

– किसान संगठनों व प्रतिनिधियों से संवाद कर उन्हें नये कृषि कानूनों के प्राविधानों से अवगत कराते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाए

झांसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में शान्ति व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को 08 दिसम्बर, 2020 के प्रस्तावित भारत बन्द के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आम जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके पर्याप्त प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित व उनके कल्याण की दिशा में केन्द्र व राज्य सरकार निरन्तर कार्य कर रही है। प्रस्तावित भारत बन्द से किसान दिग्भ्रमित न हों। उन्होंने कहा है कि अधिकारी स्थानीय स्तर पर किसान संगठनों और प्रतिनिधियों से संवाद कर उन्हें नये कृषि कानूनों के प्राविधानों से अवगत कराते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण करें। किसी भी दशा में कानून और शान्ति व्यवस्था से समझौता न किया जाए।
इस मौके पर झांसी एनआईसी में मंडलायुक्त सुभाष चंद शर्मा, जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी, अपर आयुक्त आरपी मिश्रा, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।