यातायात जागरूकता अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ
झांसी। संस्था “प्रयास सभी के लिए” द्वारा अध्यक्ष रामबाबू शर्मा की अध्यक्षता एवं संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा के नेतृत्व में “यातायात जागरूकता माह” के प्रथम चरण का शुभारंभ इलाईट चौराहे पर कर हेलमेट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक (नगर) झाँसी व नोडल अधिकारी, यातायात माह 2025 प्रीति सिंह के मुख्य आतिथ्य, प्रभारी यातायात निरीक्षक उमाकांत ओझा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रीति सिंह का संस्था संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा द्वारा तुलसी पौधा भेंट कर स्वागत कर किया गया तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु सामूहिक जागरूकता शपथ दिलाई गई। उन्होंने कहा कि — “यातायात नियमों का पालन केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का आधार है। यह न केवल हमारे जीवन को सुरक्षित रखता है, बल्कि दूसरों के जीवन की भी रक्षा करता है। जब नागरिक यातायात अनुशासन का पालन करते हैं, तभी कोई शहर वास्तव में ‘स्मार्ट सिटी’ कहलाने योग्य बनता है।”
कार्यक्रम के अंतर्गत लकी ड्रा के माध्यम से सुरक्षा जागरूकता के प्रतीक के रूप में चयनित नागरिकों को मुख्य अतिथि के द्वारा 25 हेलमेट प्रदान किए गए। यह वितरण न केवल एक पुरस्कार था, बल्कि एक संदेश — “सुरक्षा पहले” का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा।
इस दौरान संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने कहा कि –“यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक संकल्प है — जागरूक नागरिकता और जीवन सुरक्षा के प्रति। संस्था का लक्ष्य समाज में यातायात अनुशासन को संस्कार के रूप में स्थापित करना है।” अध्यक्ष रामबाबू शर्मा ने बताया कि संस्था “प्रयास सभी के लिए” चार चरणों में इस अभियान को संचालित करेगी। आगामी चरणों में विद्यालयों एवं प्रमुख चौराहों पर भाषण, वाद-विवाद एवं संवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से इस मुहिम को व्यापक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री के.डी. गुप्ता एवं संरक्षक रामकुमार लोहिया द्वारा किया गया। संयोजन कौशल किशोर माटिया एवं बृजेश बड़ौनिया ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संस्था के निवर्तमान अध्यक्ष बैदेही शरण सरावगी, एड. अम्बिका श्रीवास्तव, मनोज अरोरा, अशोक अग्रवाल (पीएनबी), बी.पी. नायक, नवीन श्रीवास्तव, एम.एल. मिश्रा, राजीव अग्रवाल (विसो), सतीश साहनी, आर.पी.मोदी, एड.विजय खरे, नरेंद्र मुखरैया, एन.के. सिंह, एच एन शर्मा, देवेश मिश्रा, राकेश मेहरोत्रा, संजय जैन कर्नल, ऋषि लोहिया आदि सहित गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। अंत में संस्था के कोषाध्यक्ष एड. दिनेश वर्मा ने आभार व्यक्त किया।
		












