भोजला मंडी क्षेत्र में तेज़ आवाज में गाने के बीच फायरिंग पड़ी भारी, पांच की गिरफ्तारी

0
287

झांसी। जिले के सीपरी बाजार थाना अंतर्गत भोजला मंडी में सरकारी गोदाम के पास देर रात कार में तेज़ आवाज में गाना बजाते और नाचते हुए हवाई फायरिंग करने वाले पांच मनचलों को मौज मस्ती उस समय भारी पड़ गई जब पुलिस ने पांच को गिरफ्तार कर न केवल वाहनों को सीज कर दिया बल्कि आज इन सभी को न्यायालय के समक्ष भी पेश कर दिया। दो फरार मनचलों की तलाश जारी है।

मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के भोजला मंडी का है जहां सरकारी गोदाम के पास आधा दर्जन से अधिक मनचलों ने 22 और 23 जनवरी की मध्य रात्रि में तीन गाड़ियों में बैठकर  जबरदस्त कोहराम मचाया। इन्होंने न केवल गाड़ियों में बैठकर जोर-जोर से गाने बजते हुए नाच गाना किया बल्कि अपनी मस्ती में हवाई फायरिंग भी कर दी जिससे मंडी में आसपास की दुकानों के व्यापारी और मजदूर भयभीत हो गए और दुकानों के अंदर बंद हो गए। इस पूरी घटना के बारे में एक मुखबिर ने थाना पुलिस को जानकारी दी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हर्ष फायरिंग कर कानून व्यवस्था बिगड़ने वाले माधव अग्रवाल निवासी सिविल लाइन थाना नवाबाद, हर्ष गोस्वामी निवासी टकसाल मानिक चौक थाना कोतवाली, अंशुल गुप्ता निवासी बड़ा बाजार थाना कोतवाली, अमन सोनी निवासी गंधी घर का टापरा थाना कोतवाली और शोएब खान निवासी गोसांईपुरा मानिक चौक थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दो आरोपी मौका पाकर भागने में कामयाब हो गए।

पुलिस ने सभी मनचलों को गिरफ्तार कर इनके पास से तीन चार पहिया वाहन के इलावा एक पिस्टल 32 बोर लाइसेंसी, चार मैगजीन 32 बोर, 45 जिंदा कारतूस 32 बोर, 3 खोखा कारतूस 32 बोर और 33700 रुपए भी बरामद किए । इस कार्रवाई के दौरान मौके से फरार गर्भ जैन निवासी मिनर्वा के निकट थाना कोतवाली और अदनान निवासी मानिक चौक थाना कोतवाली की तलाश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मनचले तीन घंटे तक हंगामा करते रहे। यदि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो बड़ी घटना हो सकती थी।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सीपरी बाजार में इन सभी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया, साथ ही आज सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here