कमिश्नर को दिया मांगों संबंधित ज्ञापन
झांसी। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रही पैदल यात्रा रविवार को झांसी पहुंची। यहां भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में प्रदर्शनकारी किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के तत्वाधान जिलाध्यक्ष जितेंद्र राजपूत के नेतृत्व में 20 जनवरी से गरौठा किसानों की पैदल यात्रा शनिवार देर रात मंडी स्थल पहुंच गई थी। जहां सभी ने रात्रि विश्राम के बाद रविवार सुबह यात्रा शुरू करते हुए कचहरी चौराहा से इलाइट चौराहा होते हुए कमिश्नरी कार्यालय पहुंची।
यहां किसानों ने ज्ञापन सौंपते हुए मांग करते हुए बताया कि किसानों के बीमा तथा आपदा राशि में हुई गड़बड़ी में वंचित किसानों को लाभान्वित किया जाए। बैंक के बाहर बैनर लगाकर किसानों को मुआवजा दिलाया जाए तो किसान लाभान्वित होने से वंचित नहीं होगा। अतिवृष्टि के समय राजस्व विभाग की टीम के साथ साथ सर्वे के साथ कुछ चिन्हित किसानों को शामिल किया जाए। जिससे सर्वे टीम, फसल बीमा देने वाली कंपनी का तालमेल नहीं बन सके। किसानों से संबंधित जांच के लिए कोई भी टीम गठित होती है तो उसमें जिले भर से किसी भी किसान को शामिल किया जाए। जिससे विभाग का आपसी तालमेल बना रहे। इस दौरान भानु प्रताप कुशवाहा, पुष्पेंद्र तिवारी, पंकज राजपूत आदि किसान नेता भी मौजूद रहे।














