झांसी। जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत उन्नावगेेट मार्ग पर  बासुदेव कालेज के पास दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी से लगभग सवा किलो चांदी से भरा बैग छीना और रफूचक्कर हो गये। अब पुलिस छानबीन कर रही है। खबर लिखे जाने तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा था।

बताया गया है कि जिले के शहर कोतवाली अन्तर्गत पुरानी नझाई निवासी राजकुमार सोनी सर्राफा व्यापारी है। राजकुमार सोनी बुधवार को एक किलो से अधिक चांदी से भरा बैग लेकर सर्राफा बाजार जा रहा था। जब वह उन्नाव गेट मार्ग पर बासुदेव कालेज के पास था तभी अचानक बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका बैग छीन लिया और भाग गये। लूटे गए माल की कीमत लगभग पचास हजार रुपए से अधिक बताई गई है। पीड़ित की सूचना पर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी करते हुए छानबीन शुरु कर दी। लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस छानबीन कर रही है।