– पश्चिम बंगाल में ममता के साथ रहेगी सपा, देगी पूरा समर्थन

झांसी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया कि जिस बुन्देलखंड की जनता ने भाजपा पर भरोसा किया है उसी जनता को धोखा दिया गया है। न ही बुंदेलखंड का बजट में ध्यान रखा और न योजनाओं को गति दी। जिसका खमियाजा आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में होने वाले विधान सभा चुनाव में उनका पूरा समर्थन ममता बनर्जी की पार्टी को रहेगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने सैनिक स्कूल पहंुचकर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का पूरा समर्थन ममता बनर्जी के लिए है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा 25 साल वहां राजनीति में रहे और मंत्री भी रहे। उनको जिम्मेदारी दी गई है कि समाजवादी पार्टी के जितने भी कार्यकर्ता हैं वह ममता बनर्जी के साथ रहेंगे। उन्हें उम्मीद है कि बंगाल की जनता एक बार फिर ममता बनर्जी को जितायेगी।
जहां तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी का सवाल है तो उनसे यूपी नहीं संभल रहा है और घूम रहे है प्रचार में। कानून व्यवस्था यहां खराब है और भाषण दे रहे हैं बंगाल में। कम से कम मुख्यमंत्रीजी को अपने उत्तर प्रदेश का अधिक से अधिक ध्यान देना चाहिए। उत्तर प्रदेश में जनता इंतजार कर रही है कि चुनाव कब आयें और हम उन्हें सबक सिखाए। बुन्देलखंड में जहां 100 प्रतिशत जनता ने बीजेपी पर भरोसा किया। उसी बुन्देलखंड की जनता को धोखा दिया गया है।
बुन्देलखंड में किसान सबसे अधिक परेशान है और आत्महत्या कर रहा है। सपा शासन काल में जो प्रोजेक्ट शुरु हुए थे उन्हीं पर धीरे-धीरे काम किया जा रहा है जिससे नाम भाजपा का हो जाये। उन्होंने कहा एम्बुलेंस बर्बाद कर दी और झांसी में 500 बेड का अस्पताल अभी तक नहीं बना है। ओरछा/निवाड़ी में चल रहे पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में आये अखिलेश ने कहा कि शिविर में भाजपा के झूठ पर चिंतन किया जाएगा। क्योंकि भाजपा ने सरकार बनने के बाद सिवाय झूठ और गुमराह करने के कुछ नहीं किया।

झांसी में देखा सैनिक स्कूल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झांसी में शंकरगढ़ के पास सपा शासन काल में स्वीकृत सैनिक स्कूल को देखा और जानकारियां ली। बताते चलें कि सपा शासनकाल में बुन्देलखंड के झांसी के लिए सैनिक स्कूल स्वीकृत हुए थे। इसके बाद उनके निर्माण कार्य में तेजी लाई गई थी। हैलीकॉप्टर से झांसी आए अखिलेश ने सड़क मार्ग से सैनिक स्कूल पहुंच कर निरीक्षण किया। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. चन्द्रपाल सिंह यादव, पूर्व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव समेत अन्य सपा नेता मौजूद रहे।

व्यक्तिगत मुद्दों पर चर्चा हुई : डॉ पारस

मेडिकल कालेज अस्थि रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ पारस गुप्ता के घर पहुँचे अखिलेश का भव्य स्वागत किया गया। डॉ पारस ने बताया कि अखिलेश उनके पुराने मित्र हैं, इस नाते आये थे। उनसे कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। कोरोना पर जरूर चर्चा हुई। बाकी पुराने मित्रों की जानकारी उन्होंने ली।