– कई नेता हुए भाजपाई, कुछ बड़े नेता भी बदल सकते हैं पाला

झांसी । पंचायत चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं ने सपा, बसपा में सेंध लगाते हुए कई नेताओं को भाजपा में शामिल कर लिया। इन नेताओं के भाजपा में जाने काा कितना असर उनकी पार्टियों पर पड़ेगा यह भविष्य के गर्त में है।
प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष व जिले की प्रभारी कमलावती सिंह ने पार्टी कार्यालय पर जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सिया बामौर के सपा नेता सत्यप्रकाश तिवारी ने आज न सिर्फ ककरबई के वार्ड 22 से पर्चा वापस लिया बल्कि भाजपा में भी शामिल हो गए। इसी प्रकार जखोरा बामौर से लगातार 5 बार प्रधान रहे अनिल तिवारी ने भी भाजपा की सदस्यता ली। जगजीवन जेजे मिश्रा एडवोकेट गुरसरांय जो नगर अध्यक्ष कांग्रेस गुरसरांय के पद पर थे, उन्होंने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। इसके अलावा बसपा नेता भोले रायकवार चंदौली व कालका कुशवाहा चिरगांव ने बसपा छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ने दावा किया कि दूसरे दलों के कुछ बड़े नेता भी संपर्क में हैं, जिनकी बात लगभग हो गयी है। प्रदेश नेतृत्व की हरी झंडी मिलते ही उनकी घोषणा लखनऊ में की जाएगी। पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों पर कार्यवाही के लिए नेतृत्व को सूची भेजी जा रही है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष महानगर मुकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष ग्रामीण जमुना कुशवाहा, रोहित गोठनकर, शैलेंद्र प्रताप सिंह, आशीष उपाध्याय, देवेंद्र दुबे, अंकुर दीक्षित, ओमबिहारी भार्गव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।