झांसी। शहर के एक बिल्डर का वायरल ऑडियो (sahujagrn.com इसकी पुष्टि नहीं करता है) इस समय झांसी और ललितपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। कथित वायरल ऑडियो के बारे में दावा किया जा रहा है कि झांसी का बिल्डर ललितपुर के एक सिपाही से बात कर रहा है और किसी मामले की जांच खत्म कराने की बात की जा रही है। बिल्डर की ओर से एक सीनियर प्रशासनिक अफसर से करीबी और अंतरंगता का दावा किया जा रहा है। अफसर को अपने घर में ठहराने और उसके साथ सरकारी गेस्ट हाउस में ठहरने का हवाला दिया जा रहा है। दूसरी ओर सिपाही भी तरह तरह के दावे करते हुए बिल्डर से अपनी रिश्तेदारी जोड़ने की कोशिश करता दिख रहा है।
बातचीत में एक सीनियर पुलिस अफसर के तबादले को लेकर भी बातचीत हो रही है। बातचीत में एक विधायक का भी जिक्र हुआ है। झांसी और ललितपुर के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारे में यह वायरल ऑडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। शासन के उच्च पदस्थ अफसरों तक यह ऑडियो पहुंचाया जा चुका है इस कारण स्थानीय अफसर इस पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में गोपनीय स्तर पर जांच कराई जा रही है।










