– अफसरों को अनहोनी या आसामान्य परिस्थिति पर हर संभव मदद के प्रयास के निर्देश

प्रयागराज/झांसी। महाप्रबंधक उत्तर मध्य / पूर्वोत्तर रेलवे वी.के. त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित बैठक के दौरान कहा कि उत्तर मध्य रेलवे एक बहुत ही महत्वपूर्ण ज़ोनल रेल है जो भारतीय रेल के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों को सेवित करती है और हमारे पास कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों और अधिकारियों की एक बहुत ही समर्पित और प्रतिबद्ध टीम है। हमने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने और कोविड -19 महामारी के दौरान प्रवासी आबादी सहित सामान्य जन के परिवहन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हालांकि वर्तमान में हम कोविड -19 की स्थिति के कारण एक कठिन समय से गुजर रहे हैं, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि न केवल हम इस वायरस को हराएंगे, बल्कि राष्ट्र सेवा उसी कुशलता एवं तत्परता से करते रहेंगे, जैसे की आज तक हम करते रहे हैं।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि सभी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की आवश्यकताओं और स्थिति के प्रति सतर्क व सावधान रहना चाहिए। अगर किसी अनहोनी या आसामान्य परिस्थिति को देखते हैं जिस पर ध्यान देने की आवश्यकता है तो निश्चित रूप से मदद के हर संभव प्रयास करने चाहिए।
श्री त्रिपाठी ने स्टीम इनहेलेशन और नियमित शारीरिक व्यायाम की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भाप फेफड़ों और श्वसन तंत्र के विकारों में लाभकारी होती है और नियमित एक घंटे का शारीरिक व्यायाम हमें उत्साहित रखता है एवं जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने को प्रेरित करता है, और यही वर्तमान परिदृश्य में आवश्यक है।
उन्होंने डॉक्टरों और उत्तर मध्य रेलवे की पूरी मेडिकल टीम के प्रयासों को भी सराहा। उन्होंने उन्हें सभी प्रशासनिक सहायता का आश्वासन भी दिया। बैठक के दौरान श्री त्रिपाठी ने ऑक्सीजन संयंत्रों को आवश्यकतानुसार स्थापित करने और विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से फील्ड स्टाफ के साथ संपर्क में रहने और नियमित रूप से संवाद करने के लिए कहा और कहा कि हमारे लिए हर जीवन महत्वपूर्ण है और हमें इस अदृश्य दुश्मन से अपने कर्मचारियों को बचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से संक्रमित होने वाले कर्मचारियों को प्रेरित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक के दौरान अधिकारियों ने भी महाप्रबंधक को जमीनी स्थिति के बारे में जानकारी दी।
इस वर्चुअल मीटिंग के दौरान झाँसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संदीप माथुर ने मंडल के द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। मण्डल रेल प्रबंधक द्वारा मंडल के सभी अधिकारियों को कोरोना के समय अपने स्टाफ एवं उनके परिवार के बारे में पूरी जानकारी लेने के प्रति भी कहा जिससे रेल संचालन सुचारू रूप से हो सके। ऑनलाइन मीटिंग में सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक सहित मुख्यालय एवं उत्तर मध्य रेलवे के तीन मंडलों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।