झांसी। जनपद में थाना बड़ागाँव अंतर्गत पालर में रनगुवा रोड पर आम के पेड़ों की रखवाली करने गए कृषक 62 वर्ष सलीम खान की पत्थर से कुचल कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच कर रही है।

थाना बड़ागाँव अंतर्गत ग्राम पालर के निवासी सलीम खान पुत्र अहमद अली उम्र करीब 62 वर्ष रनगुवा रोड पर खेत में लगे आम के पेड़ों की देखभाल करता है। हमेशा की तरह कल रात भी वह खेतों पर गया था। आज सुबह पत्थर से उसका सर कुचला शव खेत में पड़ा देखा गया। घटना की सूचना पाते ही मौके पर थाना बड़ागांव पुलिस बल पहुंच गया और शव को कब्जे में लेकर घटना का जायजा लिया। शव देखकर स्पष्ट था कि उसके सर को पत्थर से कुचल कर हत्या की गई है।
घटना स्थल का एस पी सिटी विवेक त्रिपाठी ने भी जायजा लेकर पूछताछ की। हालांकी हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घटना की रिपोर्ट मृतक के पुत्र जहीर खान ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।