झांसी। सदर विधायक रवि शर्मा ने शहर में आए दिन हो रही भीषण जाम की समस्या को गम्भीरता से लेकर जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जल्द से जल्द कार्य योजना तैयार कर जनता को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने को कहा है।
उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा कि झांसी महानगर की यातायात व्यवस्था वर्तमान में अत्यंत खराब स्थिति में है। नगर के लगभग सभी प्रमुख चौराहों एवं बाजारों में भीषण जाम की समस्या बनी रहती है। सीपरी बाजार से चित्रा चौराहा, बीकेडी, जीवन शाह, इलाइट, मिनर्वा, जेल चौराहा, कचहरी चौराहा से लेकर बस स्टैण्ड एवं मेडिकल कॉलेज तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें घंटों लग रही हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बिना किसी पूर्व नियोजन के विभिन्न स्थानों एवं चौराहों पर की जा रही बैरिकेडिंग के कारण विगत चार माह के अधिक समय से यातायात व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई है। इलाइट चौराहे का आकार बिना किसी यातायात अध्ययन, तकनीकी सर्वेक्षण अथवा वैकल्पिक योजना के अत्यधिक बढ़ा दिया जाना भी भीषण जाम का एक प्रमुख कारण है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि शहर में यातायात के सुचारू संचालन हेतु अब तक कोई ठोस, पारदर्शी एवं स्थायी कार्ययोजना नहीं बनाई गई है।
इसके अतिरिक्त, नियमानुसार नो-एंट्री अवधि में बालू से लदे ट्रैक्टरों एवं डम्परों का नगर क्षेत्र में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित है, इसके बावजूद इन भारी वाहनों को खुलेआम एवं निर्बाध रूप से शहर में प्रवेश करने दिया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है तथा जाम की समस्या कई गुना बढ़कर आम नागरिकों के लिए गंभीर संकट का रूप ले चुकी है।
गत दिवस तो स्थिति यह थी कि बीकेडी चौराहा के चारों ओर के रास्तों एवं जीवनशाह से इलाइट, जेल चौराहा, बस स्टैण्ड तक वाहनों का भीषण जाम लम्बे समय तक बना रहा। निश्चित ही सम्पूर्ण नगर में जाम की विकट स्थिति उत्पन्न हो गयी है, जिसमें प्रभावी नियंत्रण की महती आवश्यकता है।
जाम की उक्त समस्या के निदान हेतु नगर विधायक रवि शर्मा ने जिलाधिकारी को सुझाव दिया कि झांसी महानगर की अव्यवस्थित यातायात एवं जाम की समस्या के निदान हेतु सम्बन्धित अधिकारियों/विभागों की समन्वयक बैठक आहूत कर प्रभावी कार्यवाही करने का कष्ट करें, ताकि झाँसी शहर में भीषण जाम की समस्या का समाधान सम्भव हो सकें।













