उरई। डीसीए जालौन द्वारा आयोजित चतुर्थ स्व. श्रीमती मुन्नी देवी सिरौठिया राज्य महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबला पुलिस लाइन क्रिकेट ग्राउंड, उरई में खेले गए दोनों मैच रोमांच और शानदार प्रदर्शन से भरपूर रहे। एक ओर डीसीए मुरादाबाद (महिला) टीम ने कड़े मुकाबले में सीएएल लखनऊ (महिला) को 9 रन से पराजित किया, वहीं दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (महिला) ने वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन (महिला) को 60 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी डीसीए मुरादाबाद (महिला) टीम 18.1 ओवर में 83 रन पर सिमट गई। मुरादाबाद की ओर से उदिशा एनसीए ने 17 रन, दिव्या चौहान ने 22 रन और नीशू यादव ने 12 रनों का योगदान दिया। लखनऊ की ओर से काजल टम्टा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि अरिशा मुस्तफा और प्रिशा गुप्ता को 2-2 विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएएल लखनऊ (महिला) टीम 18 ओवर में 74 रन पर ऑलआउट हो गई। लखनऊ की ओर से दिव्या चौहान ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। मुरादाबाद की गेंदबाजी में गोल्डी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि उदिशा एनसीए ने 2 ओवर में मात्र 1 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इस तरह डीसीए मुरादाबाद (महिला) टीम ने 9 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। इसमें गोल्डी बरार को टूर्नामेंट के सहयोजक प्रदीप सिरोठिया ने दिया।
दिन के दूसरे मुकाबले का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार ने टीम से परिचय प्राप्त कर किया, मैच में इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (महिला) ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन (महिला) को 60 रन से पराजित किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इलाहाबाद की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 138 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कात्यायनी पाठक ने शानदार नाबाद पारी खेलते हुए 60 गेंदों में 76 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। मीनाक्षी यादव ने 34 रन और श्रेया सिंह ने 18 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी की महिला टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर मात्र 78 रन ही बना सकी। वाराणसी की ओर से श्रेया सिंह ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। इलाहाबाद की गेंदबाजी में तनु ने 3 ओवर में मात्र 4 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि निक्की विजया को 2 और कात्यायनी पाठक को 1 विकेट मिला। इस जीत के साथ इलाहाबाद महिला टीम ने कुल 5 अंक अर्जित करते हुए टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसमें कात्यायनी पाठक को प्लेयर ऑफ द मैच सचिव विकास कुमार शर्मा और संयुक्त सचिव हरेंद्र विक्रम सिंह ने प्रदान किया। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों का अनुशासित एवं जुझारू प्रदर्शन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। मैच का सीधा प्रसारण किया गया।
डीसीए जालौन के सचिव विकास कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला इलाहाबाद और शिकोहाबाद के बीच खेला जाएगा। विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरण इलाहाबाद हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति सौरभ श्रीवास्तव द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर डीसीए जालौन के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहेंगे।













