झांसी। कोरोना वायरस के प्रतिदिन बढ़ते प्रकोप से कारण जहां पूरा देश काफी समस्या से जूझ रहा है वहीं बेसहारा व असहाय खाना व अन्य सुविधाओं से वंचित हो गए हैं, किंतु हमेशा की तरह इस बार भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व सेवा भारती उनकी मददगार बनी हुई है। झांसी महानगर के द्वारा मजदूर, निराश्रित, असहाय एवं जरुरतमंदों के लिए भोजन व्यवस्था के साथ हर संभव सहायता 25 अप्रैल से की जा रही है।

कोरोना से महाजंग में सेवा भारती की पूरी टीम दिन-रात अथक मेहनत, समर्पण और लगन के साथ दायित्व निर्वहन में जुटी है। आलम यह है कि सेवा भारती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े एक हजार से अधिक युवा स्वयंसेवकों की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में उतरकर लगातार लोगों को जागरुक कर रही है। जनपद में स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महानगर कार्यालय में भी विविध प्रकार के सेवा प्रकल्प जारी हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों में भी आरएसएस व सेवा भारती की ओर से टीमें लगाई गई हैं ताकि कोरोना से महाजंग में समन्वित प्रयासों के बूते जीत दर्ज की जा सके।
कोरोना से लड़ाई में सरकार के साथ सहयोगी संस्था के रूप में काम कर रही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व सेवा भारती पिछले एक पखवाड़े से शहर के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी बखूबी निभा रही है। इसके परिणाम स्वरूप अब दिन प्रतिदिन मरीजों की संख्या में कमी होने के साथ-साथ अस्पतालों में खाली बेड की संख्या बढ़ रही है। गांवों में बढ़ते कोरोना प्रकोप को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और सेवा भारती की जिला स्तरीय कोविड केयर टीम निरंतर अपनी मुहिम आगे बढ़ा रही है। इसी का सुखद परिणाम यह है कि शहर के लगभग सभी अस्पतालों में अब स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में है और इस स्थिति को बनाए रखते हुए अब जिले के प्रत्येक गांव में राहत पहुंचाई जा रही है। वहीं, प्लाज्मा सेवा पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोक लगने के बाद संगठन के स्वयंसेवक अधिक से अधिक रक्तदान शिविर लगाकर सेवा कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।
बताते चलें कि इस वैश्विक महामारी में पूरे हिंदुस्तान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बन्धु पूरे तन, मन, धन और विश्वास के साथ निरन्तर राष्ट्र की सेवा में अपना समर्पण कर हर सम्भव सहायता कर रहे हैं। शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व सेवा भारती झाँसी महानगर द्वारा झांसी महानगर में दोपहर एवं रात्रि का भोजन तीमारदारों को वितरित किया गया। इसी क्रम में पूरे महानगर में आवश्यकतानुसार काढ़ा एवं सेवा बस्तियों में वेपोराइजर मशीन का भी वितरण गया। इसके साथ ही आॅक्सीजन कन्सरट्रेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं संघ के महानगर कार्यवाह मुकुल पस्तोर, महानगर प्रचारक अनुराग, सेवा भारती संगठन मंत्री सत्यप्रकाश, राहुल, जयपाल, सेवा भारती महानगर अध्यक्ष राजेश उपाध्याय, मंत्री नरेन्द्र दद्दू, कोषाध्यक्ष के के गुप्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।