झांसी। जिले के रक्सा क्षेत्र अंतर्गत बछौनी गांव में साले की शादी में ससुराल आए जीजा ने शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनाक्रम के पीछे पत्नी के मायके से उसके साथ जाने को तैयार नहीं होना बताया गया है।

मप्र के जिला शिवपुरी के भौती थाना के पिपरोनिया गांव निवासी दुर्गा प्रसाद (26) की शादी उप्र के झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत बछौनी गांव में मायाराम की पुत्री के साथ हुई थी। मायाराम के छोटे पुत्र मनोज की शादी 21 मई को थी। शादी में शामिल होने के लिए दुर्गा प्रसाद पत्नी को लेकर ससुराल पहुंचा था।

परिजनों के अनुसार शादी कार्यक्रम के बाद दुर्गा अपनी पत्नी को लेकर वापस जाना चाहता था लेकिन वह ससुराल जाने को तैयार नहीं थी। वह कुछ दिनों मायके में रहने की जिद कर रही थी लेकिन, दुर्गा प्रसाद इस पर राजी नहीं था। इसी बात पर शनिवार को दोनों के बीच विवाद हुआ। परिवार के लोगों के समझाने के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ।

इसके बाद भी दुर्गा ने गुस्से में खाना नहीं खाया और सोने चला गया। रविवार सुबह वह अपने बिस्तर पर नजर नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू हुई। इस दौरान गांव के पास के जंगल में उसका शव महुआ के पेड़ पर रस्सी से लटकता मिला। यह देख कर गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर रक्सा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।