बिलीवर्स क्रिकेट एकेडमी बनी चैंपियन

0
5

इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन को 5 विकेट से हराया

उरई । पुलिस लाइन क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित चौथी स्वर्गीय मुन्नी देवी सिरौठिया राज्य महिला क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बिलीवर्स क्रिकेट एकेडमी (महिला) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (महिला) को 5 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान शालिनी सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 9 चौकों की मदद से सर्वाधिक 69 रन बनाए। इसके अलावा प्रीति यादव ने 23 तथा ज्योति यादव ने 18 रनों का योगदान दिया। बिलीवर्स क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में कप्तान मानसी पंवार ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि तनु कश्यप, वंशिका चौधरी, यशी और अंशी ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।

137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलीवर्स क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज अंशी की अहम भूमिका रही, जिन्होंने 47 गेंदों में 6 चौकों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए। राधिका पचहरा ने भी 35 गेंदों में 34 रन की उपयोगी पारी खेली।

इलाहाबाद की ओर से गेंदबाजी में मीनाक्षी यादव ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि भार्गवी पांडेय और तनु को 1-1 सफलता मिली।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में न्यायमूर्ति सौरभ श्रीवास्तव (इलाहाबाद हाईकोर्ट) ने विजेता बिलीवर्स क्रिकेट एकेडमी और उपविजेता इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन की टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए।

इस अवसर पर क्रिकेट के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डीसीए जालौन के संस्थापक श्याम बाबू को वर्ष 1970 से निरंतर क्रिकेट को बढ़ावा देने हेतु लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी अवॉर्ड से सुरेश निरंजन भईया जी, विनय कुमार सिंह एवं पूर्व रणजी खिलाड़ी बिजेंद्र सिंह को सम्मानित किया गया।

समारोह में डीसीए जालौन के अध्यक्ष एवं यूपी सर्विस ट्रिब्यूनल के उपाध्यक्ष रविंद्र नायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, डीसीए सचिव विकास कुमार शर्मा, टूर्नामेंट सहयोजक प्रदीप सिरोठिया, प्रतीक चंद्रा, ए.पी. सिंह, राकेश रंजन शर्मा, डॉ. रवि पांडे सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here