कर्मचारियों ने कहा- बिना परमिशन नहीं होगी बैठक
झांसी। सर्किट हाउस में अपना दल एस की बैठक के दौरान उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई जब कर्मचारियों ने विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। नेताओं द्वारा पूछताछ करने पर कर्मचारियों ने कहा बिना परमिशन नहीं होगी बैठक। इस पर गहमागहमी होती रही।
दरअसल शनिवार सायं लगभग 4 बजे झांसी के सर्किट हाउस में अपना दल एस नेता व कार्यकर्ता पहुंचे और सभागार में बैठक करने लगे। कर्मचारी यह देख कर हतप्रभ रह गए क्योंकि उनके पास इस बैठक की कोई अधिकृत सूचना नहीं थी। उन्होंने पूछताछ कर आपत्ति जताई, किंतु जब उस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया तो सर्किट हाउस कर्मियों ने विद्युत आपूर्ति बंद कर दी।
इससे सभागार में अंधेरा छा गया। यह देख कर पार्टी पदाधिकारी भड़क गए। उन्होंने कर्मचारियों से विद्युत आपूर्ति सुचारू करने को कहा। इस पर सर्किट हाउस कर्मचारियों ने पदाधिकारियों से कहा कि बिना परमिशन बैठक होने के कारण बिजली काटी गई। इस दौरान काफी गहमागहमी होती रही।














