घर में ताले लगा शादी में भोपाल गया था परिवार, वारदात सीसीटीवी में कैद
झांसी। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत उन्नाव गेट अशोक नगर में ज्वेलर के घर और दुकान के ताले तोड़ कर चोर लगभग 7 लाख के सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। ज्वेलर परिवार सहित अपने भतीजे की शादी में भोपाल गया था, किन्तु जब चोरी की सूचना मिली तो वह झांसी लौट आया और घटना की सूचना पुलिस को दी। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत उन्नाव गेट स्थित अशोक नगर निवासी अरविंद सोनी के आवास में ही आभूषण की एक दुकान है जबकि दूसरी दुकान बाजार में भी है। अरविंद के बड़े भाई के बेटे की 10 फरवरी को शादी है। इस समारोह में शामिल होने अरविंद अपने परिवार के साथ 7 फरवरी को भोपाल गया था। सोमवार सुबह पड़ोसी ने फोन करके बताया कि घर के दरवाजे खुले हैं।
इस सूचना पर उन्होंने अपने रिश्तेदार और पड़ोसी को घर के अंदर भेज कर जानकारी करने को कहा। इसके बाद पता चला कि घर के अंदर अलमारी खुली पड़ी है और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। दुकान का भी ताला टूट है और सामान अस्त-व्यस्त है। इसके बाद अरविन्द भोपाल से वापस झांसी पहुंचा और जांच पड़ताल की तो पता चला कि चोर दुकान और घर के अंदर से सोने-चांदी के करीब 7 लाख रुपए के आभूषण चोरी करके ले गए।
इस घटना की सूचना उन्होंने पुलिस को दी। पीड़ित ने बताया कि पड़ोसी के घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जब कैमरे चेक किए तो देर रात 1:04 बजे चोर घर का ताला तोड़ कर अंदर जाते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि रात 2 बजे बाद वे सामान लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है। एक-एक अलमारी तोड़कर चोरी की गई है। मंदिर से भी चांदी का लोटा चुराया गया है। इसके अलावा दुकान से भी पुरानी चांदी चोरी की गई है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।












