झांसी। भारतीय रेल के लिए सर्वाधिक वैगनों का उत्पादन करने वाले वैगन वर्कशॉप झांसी में रेलवे डिज़ाइन एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गेनाइजेशन (RDSO), लखनऊ के तत्वावधान में बोगी एवं ब्रेकिंग सिस्टम में नवीन तकनीकों पर एक दिवसीय नॉलेज शेयरिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
इस वर्कशॉप का आयोजन मुख्य अतिथि मुख्य कारखाना इंजीनियर, उत्तर मध्य रेल आर. के. जाटव, विशिष्ट अतिथि मंडल रेल प्रबंधक, झांसी अनिरुद्ध कुमार तथा अध्यक्षता मुख्य कारखाना प्रबंधक, वैगन वर्कशॉप झांसी अजय श्रीवास्तवा के सान्निध्य में हुई।
कार्यक्रम में नॉर्दर्न रेलवे (दिल्ली), नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे (जयपुर), सेंट्रल रेलवे (मुंबई), वेस्ट सेंट्रल रेलवे (जबलपुर), साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (बिलासपुर), साउथ सेंट्रल रेलवे (सिकंदराबाद), RDSO लखनऊ एवं उत्तर मध्य रेल से आए लगभग 120 अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि आर. के. जाटव सी डब्ल्यु ई एवं मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री अजय श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलन कर वर्कशॉप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अजय श्रीवास्तव ने कहा कि वैगन वर्कशॉप झांसी द्वारा ट्रेन पार्टिंग की समस्या को रोकने की दिशा में किए गए महत्वपूर्ण इनोवेशन भारतीय रेल के लिए मील का पत्थर साबित होंगे और इससे मालगाड़ियों की संरक्षा एवं विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार संभव होगा।
कार्यक्रम के दौरान वैगन वर्कशॉप झांसी पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें बुंदेलखंड की प्रथम औद्योगिक इकाई के रूप में वर्कशॉप के ऐतिहासिक विकास, उत्पादन क्षमता और तकनीकी प्रगति को दर्शाया गया। गुंटापल्ली वैगन वर्कशॉप, विजयवाड़ा द्वारा पीपीटी के माध्यम से बोगी में क्रैक की पहचान एवं त्वरित सुधार की आधुनिक तकनीकों का प्रस्तुतीकरण किया गया।
RDSO लखनऊ के वैगन निदेशक संजय ने ब्रेकिंग सिस्टम से जुड़ी जटिलताओं, चुनौतियों एवं उनके व्यावहारिक समाधानों पर विस्तृत व्याख्यान दिया।
डिप्टी सीएमई, वैगन वर्कशॉप झांसी अमित तिवारी ने संरक्षा, गुणवत्ता एवं उत्पादन के संतुलन को दर्शाती पीपीटी प्रस्तुति दी।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री आर. के. जाटव ने कहा कि इस प्रकार की नॉलेज शेयरिंग वर्कशॉप वैगन परिचालन में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और इससे विभिन्न जोन के अनुभवों का लाभ पूरे भारतीय रेल को मिलता है।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि भविष्य में इस तरह के और वर्कशॉप आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि संरक्षा के साथ-साथ मालगाड़ियों में ट्रेन पार्टिंग जैसी घटनाओं को रोका जा सके और गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो। उन्होंने बीएमबीएस (BMBS) ब्रेक सिस्टम को अपनाने से होने वाले सकारात्मक बदलावों की भी सराहना की।
वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों ने वैगन वर्कशॉप झांसी की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा एयर ब्रेक लैब, व्हील शॉप, CTRB शॉप एवं ट्रॉली शॉप में उपलब्ध आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रशंसा की।
वर्कशॉप का संचालन संरक्षा अधिकारी आफाक अहमद एवं इंजीनियर एन. के. जैन द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन उत्पादन इंजीनियर श्री समर्थ अग्रवाल ने किया।













