आरोपी ने की है दो शादियां, प्रेमिका के साथ लिव इन में रहता था
झांसी। शहर के सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत 62 वर्षीय रिटायर्ड रेल कर्मी ने लिव इन में रहने वाली प्रेमिका के साथ हैवानियत की हदें पार करते हुए प्रेमिका की निर्मम हत्या कर शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इतना ही नहीं शव को कमरे में ही जलाया और शनिवार रात करीब 11 बजे शव के बचे हिस्से को ठिकाने लगाने के लिए उसने ऑटो बुक की। शव एक काले बक्से में भरा और ऑटो में लाद कर उसके पीछे पीछे मिनर्वा चौराहे के लिए निकला, किन्तु बीच रास्ते से रफूचक्कर हो गया।
यह देख कर घबरा कर ऑटो चालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उस संदिग्ध काले बक्से को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही आरोपी की पहचान भी कर ली है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी दो पत्नियों और बेटे से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, रिटायर्ड रेलकर्मी राम सिंह परिहार (62) ब्रह्मनगर में अपनी दूसरी पत्नी के साथ रहता है। उसकी पहली पत्नी रेलवे कॉलोनी में रहती है, किंतु राम सिंह के अवैध संबंध 32 वर्षीय प्रीति से भी हो गये थे। राम सिंह ने अपनी प्रेमिका को सीपरी क्षेत्र अंतर्गत लहर गांव में किराया का मकान दिलवाया था।
इस मकान में दोनों साथ ही रहते थे। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात राम सिंह ने ब्रह्मनगर से कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मिनर्वा चौराहे तक के लिए एक ऑटो बुक किया। ऑटो में उसने एक काला बक्सा रखा, हालांकि चालक को इस पर संदेह हो गया। मिनर्वा चौराहे से पहले ही राम सिंह ग़ायब हो गया। यह देख कर ऑटो चालक घबरा गया क्योंकि बॉक्स से पानी बह रहा था। इस पर उसने मिनर्वा चौराहे पहुंचने के बाद चौकी पुलिस को सूचना दे दी।
इस सूचना पर मौके पर नवाबाद थाना और शहर कोतवाली पुलिस पहुंची। लावारिस बक्सा खोलते ही अंदर महिला के शव के अधजले टुकड़े और राख मिली। ऑटो चालक से पूछताछ के बाद सीपरी बाजार पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ऑटो चालक की निशानदेही पर पुलिस ब्रह्म नगर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। यहां गीता नाम की एक महिला ने पूछताछ में बताया कि उसका पति रामसिंह रेलवे से रिटायर्ड है और वह दूसरी पत्नी है। गीता ने ही पुलिस को प्रीति के बारे में जानकारी दी। यह बताया कि राम सिंह ने प्रीति की हत्या करीब एक हफ्ते पहले ही कर दी थी। प्रीति राम सिंह से लगातार पैसे मांग रही थी, इससे उसका पति परेशान था।
दूसरी पत्नी के बताए पते पर पुलिस प्रीति के मकान पर पहुंची। मकान के कमरे के बाहर आंगन में एक चूल्हा मिला। पुलिस को आशंका है कि प्रीति के शव के टुकड़े इसी चूल्हे में जलाए जाते थे। सीपरी बाजार पुलिस के मुताबिक, रामसिंह प्रीति के बार-बार पैसे की डिमांड करने से परेशान था। उसने 7 जनवरी को प्रीति को लहर गांव में कमरे पर बुलाया और उसकी हत्या कर दी, किंतु शव को ठिकाने नहीं लगा पाया।
जब शव से बदबू आने लगी तो राम सिंह ने शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने बेटे नितिन परिहार से कुछ लकड़ियां और बॉक्स मंगवाया। बेटे ने पिता के इस जघन्य अपराध में मदद की। बेटे ने पूछताछ में बताया कि बॉक्स व लकड़ियां उसने लाकर दीं और 16-17 जनवरी की रात कमरे में ही प्रीति के शव को पिता ने जला दिया। इसके बाद बक्से में शव के जले टुकड़े रखे और राख व पानी भर दिया. इसे ठिकाने लगाने के लिए 17-18 जनवरी की रात ऑटो किराए पर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि जले शव की शिनाख्त प्रथम दृष्टया हो गई है, लेकिन डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया कि मृतक महिला के पति राजकुमार की तहरीर पर सीपरी बाजार थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी रिटायर्ड रेलकर्मी की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














