कैट देश भर के व्यापारियों की आवाज़ सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को प्रतिबद्ध : खंडेलवाल
व्यापार महोत्सव एक प्रदर्शनी ही नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आर्थिक आंदोलन : भरतिया
झांसी। कन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) 1 से 4 मई 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 (Bharatiya Vyapar Mahotsav 2026) का आयोजन करने जा रहा है। इसमें बड़े स्तर पर इनडोर एवं आउटडोर प्रदर्शनी, ऑटोमोबाइल एवं मोबिलिटी शोकेस, क्यूरेटेड बायर–सेलर मीट्स, ग्लोबल सोर्सिंग प्लेटफॉर्म, नीति एवं व्यापार से जुड़े सेमिनार, स्टार्टअप एवं MSME ज़ोन, तथा नवाचार, सतत विकास और कौशल विकास के लिए विशेष मंच स्थापित किए जाएंगे।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी. सी. भरतिया एवं राष्ट्रीय महामंत्री सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने झांसी में कैट की झांसी इकाई के तत्वावधान में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उक्त जानकारी साझा की। दोनों व्यापारी नेता झांसी में भामाशाह अवार्ड समारोह में भाग लेने झांसी आए थे। राष्ट्रीय महामंत्री सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने देश के व्यापार एवं उद्योग से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को बढ़ती लागत, जटिल नियम-कानून, ई-कॉमर्स से जुड़ी असमान प्रतिस्पर्धा, MSME क्षेत्र की वित्तीय चुनौतियों तथा खुदरा व्यापार की सुरक्षा जैसे अनेक मुद्दों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि व्यापार को सरल, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर नीतिगत सुधार अत्यंत आवश्यक हैं।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि CAIT देशभर के व्यापारियों की आवाज़ को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रहा है। उन्होंने 1 से 4 मई तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 की विस्तृत जानकारी मीडिया के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि यह CAIT द्वारा आयोजित एक ऐतिहासिक और मेगा व्यापारिक आयोजन होगा, जिसे विश्व के सबसे बड़े भारतीय व्यापार एक्सपो के रूप में विकसित किया जा रहा है।
श्री खंडेलवाल ने बताया कि इस महोत्सव में 2,000 से अधिक प्रदर्शक ऑटोमोबाइल, मोबिलिटी सॉल्यूशंस, कंज़्यूमर ब्रांड्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा, फिनटेक, वेलनेस, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से भाग लेंगे। 2 लाख से अधिक बिज़नेस डेलीगेट्स की भागीदारी होगी। चार दिनों में 10 लाख से अधिक आगंतुकों (फुटफॉल) के आने की संभावना है। 5,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि, 10,000 से अधिक NRI एवं OCI प्रतिनिधि, 20 से अधिक भारतीय राज्यों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
उन्होंने आगे बताया कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 में बड़े स्तर पर इनडोर एवं आउटडोर प्रदर्शनी, ऑटोमोबाइल एवं मोबिलिटी शोकेस, क्यूरेटेड बायर–सेलर मीट्स, ग्लोबल सोर्सिंग प्लेटफॉर्म, नीति एवं व्यापार से जुड़े सेमिनार, स्टार्टअप एवं MSME ज़ोन तथा नवाचार, सतत विकास और कौशल विकास के लिए विशेष मंच स्थापित किए जाएंगे।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. सी. भरतिया ने भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा “भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 भारत के 9 करोड़ व्यापारियों, MSME और उद्यमियों के लिए केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आर्थिक आंदोलन है। यह मंच देश के घरेलू व्यापार को वैश्विक बाजारों से जोड़ने, भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को ‘लोकल से ग्लोबल’ में परिवर्तित करने का कार्य करेगा। यह आयोजन भारत के कॉमन मार्केट की शक्ति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा।”
श्री खंडेलवाल ने कहा कि Made in India, Made for India और Made for the World की अवधारणा पर आधारित यह महोत्सव भारत के घरेलू बाजार की ताकत, उद्यमशीलता और आत्मनिर्भर भारत के विज़न को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि अमेरिका की दादागिरी का भारत के व्यापार पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। इसका प्रमाण भारत की उछाल मारती विकास दर है। उन्होंने बताया कि भारत ही अपने आप में बहुत बड़ा बाजार है। ज़रूरत है स्वदेशी अपनाने की। उनका कहना था कि उत्पादों की खपत के लिए फिलहाल भारत द्वारा यूरोपीय देशों से व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
CAIT झांसी इकाई के पदाधिकारियों ने श्री प्रवीण खंडेलवाल का झांसी आगमन पर स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि झांसी एवं बुंदेलखंड क्षेत्र के व्यापारी बड़ी संख्या में भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 में भाग लेकर अपने उत्पादों और व्यवसाय को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे।
इस दौरान कैट के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय पटवारी ने कैट द्वारा संपूर्ण देश में किए गए कार्यों की जानकारी दी। वार्ता में प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह दांगी, अरुण गुप्ता अभिषेक सोनकिया, पंकज शुक्ला, सी.ए. गौरव गुप्ता, आदित्य ब्रह्मचारी, कृष्णा राय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अंत में संजय पटवारी ने आभार व्यक्त किया।














