RPF जवान भीमसेन त्रिपाठी बने झांसी रेल मंडल के “एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ”

0
25

उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान

झांसी। रेल मंडल के अंतर्गत रेलवे स्टेशन उरई पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हेड कांस्टेबल भीमसेन त्रिपाठी को उनके अद्वितीय साहस, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा “एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ” पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

21 जनवरी 26 को प्रातः लगभग 09:20 बजे, रेलवे स्टेशन उरई पर प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर गाड़ी संख्या 22583 मुंबई एलटीटी–अयोध्या एक्सप्रेस के आगमन के दौरान, सीसीटीवी कक्ष से निगरानी करते समय श्री त्रिपाठी ने देखा कि एक यात्री प्लेटफॉर्म संख्या 01 एवं 02 के मध्य रेलवे लाइनों को पार कर प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर आ रही ट्रेन पकड़ने का प्रयास कर रहा है। इसी दौरान डाउन मेन लाइन पर प्लेटफॉर्म संख्या 02 से एक ट्रेन तेज गति से गुजरने वाली थी।

स्थिति की गंभीरता और संभावित खतरे को भांपते हुए, रेलवे सुरक्षा बल के जवान भीमसेन त्रिपाठी ने असाधारण तत्परता का परिचय देते हुए बिना किसी विलंब एवं अपनी जान की परवाह किए तत्काल सीसीटीवी कक्ष से बाहर निकलकर रेलवे लाइन पार कर रहे यात्री को सुरक्षित रूप से उठाया और प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर चढ़ाकर उसकी जान बचाई। उनके इस साहसिक एवं त्वरित कार्यवाही से एक अमूल्य जीवन सुरक्षित हो सका। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

श्री त्रिपाठी के इस सराहनीय, साहसिक एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्य को दृष्टिगत रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा उन्हें ₹2000/- नकद पुरस्कार एवं “एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ” का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा नंदीश शुक्ला, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन पी.पी. शर्मा तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी विवेकानंद नारायण भी उपस्थित रहे।

झांसी मंडल ऐसे कर्तव्यपरायण एवं समर्पित रेल कर्मियों पर गर्व करता है, जिनकी सजगता, तत्परता एवं त्वरित कार्यवाही से रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here