वेंडर की हत्या का खुलासा : पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने को प्रेमी से कराई हत्या

0
33

स्वाट, सर्वेलेन्स व थाना नवाबाद पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मृतक की पत्नी सहित अंतर्राज्यीय 03 शातिर अपराधी गिरफ्तार

 घटना में प्रयुक्त देशी तमंचा, दुपहिया वाहन व 03 मोबाइल फोन बरामद

झांसी। 31 जनवरी को रेलवे स्टेशन से पुलिया नंबर 09 की तरफ जाने वाले रास्ते पर सुनसान स्थान पर गोली मार कर की गई वेंडर जगभान की हत्या उसकी पत्नी के इशारे पर प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने वेंडर हत्या कांड का खुलासा कर हत्या में शामिल मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी व दोस्त को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, बाइक को बरामद कर लिया।

जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध झांसी पुलिस द्वारा की जा रही प्रभावी कार्यवाही के क्रम में 10 फरवरी को स्वाट, सर्वेलेंस व थाना नवाबाद पुलिस द्वारा मृतक की पत्नी किरन कुशवाहा एवं शिव कुमार लोधी पुत्र विक्रम सिंह लोधी व धर्मेन्द्र लोधी पुत्र लक्ष्मण सिंह लोधी निवासीगण उमरी कला थाना भौती जिला शिवपुरी म०प्र० को 10 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर रक्सा बाइपास तिराहे पर महादेव काम्पलेक्स के सामने से मोटरसाइकिल नंबर MP33ZG4105 सहित गिरफ्तार किया गया। पूँछताँछ के क्रम में अभियुक्त शिवकुमार लोधी की निशांदेही पर मृतक जगभान की हत्या में प्रयोग किये गये आलाकत्ल एक अदद अवैध देशी तमंचा 315 बोर को बरामद किया गया।

पूछ-ताछ में गिरफ्तार मृतक की पत्नी अभियुक्ता किरन ने जगभान की हत्या के सम्बन्ध में बताया कि वह अपने पति से बहुत परेशान थी उसका पति उसके साथ आये दिन मारपीट करता था। अपनी जमीन मकान सब बेच चुका था, शराब पीकर उसे बहुत मारता पीटता था। इस दौरान किरन कुशवाहा की मुलाकात एक अभियुक्त शिवकुमार लोधी से फेसबुक के जरिये हुई और दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। किरन ने बताया कि शिवकुमार उसका हर प्रकार से ख्याल रखता था। वह अपने पति की वजह से शिवकुमार से न तो बात कर पाती थी और न ही उससे मिल पाती थी। उसके पति द्वारा मारपीट से परेशान होकर उसने शिवकुमार को पूरी बात बताई जिससे शिवकुमार द्वारा किरन के कहने पर अपने दोस्त धर्मेन्द्र लोधी के साथ मिलकर जगभान को मारने की योजना बनाई।

योजना के मुताबिक शिवकुमार ने अपने नाम से एक सिम निकलवा कर किरन को दी थी। 31 जनवरी को जब जगभान घर से काम पर चला गया तो किरन द्वारा शिवकुमार को उसी सिम के द्वारा इस बारे में बता दिया गया। जिस पर शिवकुमार द्वारा अपने साथी धर्मेन्द्र लोधी के साथ मिलकर 31 जनवरी को रेलवे स्टेशन से पुलिया नं0 09 की तरफ जाने वाले रास्ते पर सुनसान स्थान पर 315 बोर के तमंचे से गोली मार कर जगभान की हत्या कर दी थी।

पुलिस ने धारा 103(1)/61(2)a BNS व 3/25/27 आर्म्स एक्ट में उक्त अभियुक्तगण को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जिला कारागार भेजा गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण –

31 जनवरी को रेलवे स्टेशन से पुलिया नं० 09 जाने वाले रास्ते पर क्रॉसिंग से 100 मी0 पहले वेंडर जगभान पुत्र सरमन नि० तेरई फाटक, थाना तालबेहट, ललितपुर का शव मिला था। उसकी गोली मार कर हत्या की गई थी। जगभान की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा किये जाने के सम्बन्ध में 3 फरवरी को मृतक के पुत्र राज कुशवाहा द्वारा धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 पंजीकृत किया गया था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here