झांसी। जिले में थाना प्रेम नगर क्षेत्र अंतर्गत पुलिया नंबर नौ कब्रिस्तान में दफन मध्य प्रदेश के छतरपुर की युवती अफरोज खान उर्फ नीलम अहिरवार का शव शुक्रवार को कब्र से निकाला गया। मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि मप्र में जिला छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की युवती नीलम अहिरवार की शादी चार साल पहले वहीं के तब्बू उर्फ तालिब खान से हुई थी। शादी के बाद उसका नाम बदलकर अफरोज खान रख दिया गया था। छह जुलाई को जहर खाने से हालत बिगड़ने पर उपचार हेतु उसे छतरपुर से झांसी रेफर किया गया था। यहां एक निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया गया था। इसी बीच छह जुलाई को अफरोज की मौत हो गई थी। परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए उसका शव प्रेमनगर क्षेत्र के पुलिया नंबर नौ कब्रिस्तान में दफना दिया था। इसकी जानकारी होने पर युवती के पिता ने छतरपुर पुलिस को तहरीर देकर उसके पति पर जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर छतरपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। छतरपुर पुलिस ने झांसी प्रशासन से परीक्षण के लिए शव को कब्र से बाहर निकालने की अनुमति मांगी थी। बृहस्पतिवार को दफ़न शव को निकालने की अनुमति के साथ इसके लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट के रूप में उप जिलाधिकारी (न्यायिक) की तैनाती की गई थी। आज प्रातः छतरपुर पुलिस व झांसी पुलिस एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्रिस्तान में कब्र से एहतियात से शव को बाहर निकाला गया। इस शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।