-, झगड़े में मजाक की कीमत जान देकर चुकाई

Jhansi । जनपद के गरौठा थाना अंतर्गत भदरवारा गांव में पति को अपनी पत्नी से मजाक की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। मजाक से आवेश में आई पत्नी ने अपने पति का सिर पत्थर से कूच दिया। इसके बाद भी वह नहीं रुकी, किचन में गई और चाकू से अपने पति के चेहरे पर 4 बार वार किया। इस हमले में उसके पति की मौत हो गई।

दरअसल, गरौठा के भदरवारा ग्राम निवासी राम सिंह का अपनी पत्नी रेखा से मामूली बात पर विवाद हुआ था। विवाद के चलते राम सिंह ने मजाक में अपनी पत्नी रेखा से कह दिया कि- अगर तुम ऐसे ही झगड़ा करोगी तो मैं दूसरी औरत को घर ले आऊंगा। इस बात पर रेखा भड़क गई और फिर दोनों में विवाद हुआ। उत्तेजित हो कर रेखा ने पति के सिर पर पत्थर से वार कर दिया और किचन में जाकर चाकू उठा कर पति पर बार कर मरणासन्न कर दिया।

पति पर हमला करने के बाद रेखा भागकर अपनी ससुराल पहुंची। उसने ससुराल वालों से कहा कि कुछ युवक लूट के इरादे से घर में घुसे थे। उन लोगों ने राम सिंह को मार दिया। यह सुनते ही सभी लोग राम सिंह के घर पहुंचे। लहूलुहान हालत में राम सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

रेखा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिकायत दर्ज की। पुलिस ने घर की तलाशी ली। जहां सारा सामान अपनी जगह पर मिला। जिसके बाद शक की सुई रेखा की तरफ घूम गई। पुलिस ने रेखा से सख्ती से पूछताछ शुरू की तो उसने पूरा सच बता दिया। रेखा ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था। दूसरे गांव की महिला से उसकी दोस्ती थी। वह उसका नाम लेकर मुझको अक्सर परेशान करता था। मुझे शक था कि उसका अफेयर चल रहा है, तभी उसके मजाक करने पर उसको मार दिया। पुलिस ने मृतक के घर से हत्या में प्रयुक्त पत्थर और चाकू बरामद कर लिया है।