– वर्तमान वित्त वर्ष में मादक पदार्थों ले जाते 15 व टिकट की ब्लेक मार्केटिंग करते 18 व्यक्ति किए गिरफ्तार

 प्रयागराज। रेल सुरक्षा बल उत्तर मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों के साथ साथ रेल परिसम्पत्ति की सुरक्षा का दायित्व पूरी कुशलता के साथ ही निर्वहित किया जा रहा है। इसी क्रम में वर्तमान वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही के दौरान अपने सामजिक दायित्वों के प्रति जागृत एवं सतर्क संगठन के रूप में कार्य करते हुए स्टेशन पर भटक कर पहुंचे 104 बालकों तथा 60 बालिकाओं को उनके परिजनो या एन.जी.ओ. को सुरक्षित रूप से सुपुर्द किया गया। इसी अवधि में यात्रियों के छूटे/भूले हुए 45 मोबाइल, 03 लैपटाप तथा रूपये 56,465/- कैश को संबंधित यात्रियों को वापस किया गया।
मादक द्रव्य एवं प्रतिबंधित सामग्री के सप्लायरों के विरुद्ध कार्यवाई करते हुए रेल सुरक्षा बल द्वारा वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और रु 8,18,000/- रूपये की मादक सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा यात्रियों से संबंधित अपराधों में संलिप्त 58 अपराधियों को गिरफ्तार कर जीआरपी को सुपुर्द किया गया। रेल सम्पत्ति चोरी के मामलो में 47 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1,67,466/- रूपये की रेल सम्पत्ति बरामद की गई। रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 2,213 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया जिन पर न्यायालय द्वारा 8,17,110 रूपये जुर्माना लगाया गया।
रेल यात्रियों को सुविधायुक्त तरीके से टिकट उपलब्धता सुनिश्चित करने के क्रम में रेल टिकटों की कालाबाजारी करने वाले 18 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की गई। ट्रेनो के विलंबन को रोकने के लिए अलार्म चेन पुलिंग करने वाले 574 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया। इस लोगों पर न्यायालय द्वारा 1,64,180/- रूपये जुर्माना लगाया गया।
स्वच्छ भारत अभियान मे योगदान करते हुए जन जागरूकता की दृष्टि से गाड़ियों/रेल परिसर में गंदगी फैलाने वाले/न्यूसेंस करने वाले 122 व्यक्तियों पर न्यायालय के माध्यम से रूपये 24,050 जुर्माना लगाया गया। इसी क्रम में अवैध वेण्डिंग करने वाले 816 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जिन पर न्यायालय द्वारा 4,08,910 रूपये जुर्माना लगाया गया।
इसके अतिरिक्त रेल सुरक्षा बल के कर्मियों ने कोविड-19 से संबंधित प्रोटोकॉल को स्टेशनों एवं ट्रेनों मे अनुपालन करवाने में भी उल्लेखनीय योगदान किया।