विधायक रवि शर्मा ने कहा – कुछ और कब्जे हटाए जाने बाकी
झांसी। महाशिवरात्रि के पर्व पर झांसी शहर में विशाल शिव महा बारात का आयोजन 15 फरवरी को किया जा रहा है। यह शिव बारात प्रातः 10 बजे मुरली मनोहर मंदिर झांसी से प्रारम्भ होकर, मानिक चौक, सिन्धी तिराहा, मिनर्वा चौराहा, सैंयर गेट होते हुए नवीन द्वार से ऐतिहासिक महादेव मड़िया मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में अभिषेक, पूजन अर्चन किया जाएगा।
यह जानकारी मीडिया को देते विधायक रवि शर्मा ने बताया कि शिव बारात की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। हमेशा की तरह इस बार भी शिव बारात भव्य व दिव्य होगी। उन्होंने बताया कि शिव-बारात में हर वर्ष, हजारों की संख्या में श्रद्धालु हर-हर महादेव, बम-बम भोले का घोष करते हुए मढ़िया महादेव मन्दिर पहुँचकर शिवजी का अभिषेक करते हैं। सैकड़ों की संख्या में महिलाएँ सिर पर कलश रखकर बारात में सम्मिलित होती हैं, गाजे-बाजे डीजे, ढोल नगाड़ों के साथ शिव बारात का स्वरूप नयनाभिराम होता है। नगर के प्रमुख मार्गों से युवाओं की टोलियों का नाच-गाकर निकलना वातावरण को शिवमय बना देती है। नगर के विभिन्न जगहों पर उत्साहपूर्वक शिव बारातियों का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में बारात में शामिल होने की अपील की है।
विधायक ने बताया कि झांसी की ऐतिहासिक धरोहर एवं हिन्दू आस्था का प्रमुख प्राचीनतम मढ़िया महादेव मन्दिर की स्थापना गोसाईयों ने 659 वर्ष पूर्व करायी थी, समय बीतने और मन्दिर परिसर व मंदिर के आस-पास अवैध कब्जे बढ़ते चले गए । इससे श्रद्धालुओं को मंदिर पर आराधना, पूजार्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम में दिक्कतें आने लगीं। तत्कालीन सरकारों से लगातार करने के बाद भी मन्दिर परिसर से अवैध कब्जों को नहीं हटाया गया, अपितु अवैध कब्जे बढ़ते ही चले गये।
हिन्दू आस्था के केन्द्र पर लगातार बढ़ता अतिक्रमण चिंता का कारण बन गया। इसी को लेकर संकल्प लिया गया कि झांसी के प्राचीनतम शिवालय महादेव के प्रांगण को अवैध कब्जाधारियों से मुक्त कराकर आराधना, पूजार्चना और धार्मिक आयोजनों के लिए सुलभ कराने, हेतु संकल्प लिया गया था जिसके लिए ही वर्ष 2007 से हर वर्ष महाशिवरात्रि पर्व का आयोजन आमजनों से संगठित होकर मनाया जाता है। इसके चलते शासन सरकार द्वारा मंदिर परिसर व आसपास से अवैध कब्जे हटाए गए। इस दौरान मनमोहन गेड़ा, अंचल अरजरिया, पियूष रावत, रवीश त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
मंदिर मार्ग पर शानदार कारीडोर बनेगा
विधायक रवि शर्मा ने बताया कि अभी कुछ और कब्जे हैं जिन्हें हटाने का प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि लगातार प्रयास के चलते मंदिर आने जाने का नवीन मार्ग तो खुल गया अब इसे शानदार कारीडोर के रूप में परिवर्तित करने का प्रयास जारी है जो शीघ्र फलीभूत होगा।














